रंगदारी मांगने के आरोप में एक गिरफ्तार
खूंटी पुलिस ने होटल व्यवसायी से रंगदारी मांगने के आरोप में सोमवार की शाम को रांची मार्ग के डियर पार्क के पास से अवध कुमार मिश्रा को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार अवध कुमार मिश्रा पिछले 12 अप्रैल को कालामाटी स्थित वृंदावन होटल के मालिक से ढाई लाख की रंगदारी मांगने अपने साथियों के साथ गया था।
इस संबंध में खूंटी थाना में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद से पुलिस लगातार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी। जिसमें इसके एक साथी अमर कुमार शर्मा को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेजा चुकी है। यह जानकारी एसडीपीओ रणवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा को गुप्त सूचना मिली थी की आरोपी अवध कुमार मिश्रा डियर पार्क के पास घूम रहा है। सूचना के आलोक में प्रशिक्षु डीएसपी सह थाना प्रभारी वरूण राज के नेतृत्व में टीम गठित कर सोमवार की शाम डियर पार्क के समीप छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
12 अप्रैल को कालामाटी स्थित वृंदावन होटल के मालिक से रंगदारी मांगने साथियों के साथ गया था