ग्रामीणों और कोर्ट के बीच की कड़ी है पीएलवी : पीडीजे
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सभागार में पिछले तीन दिनों से चले आ रहे पैरा लीगल वॉलेंटियर का प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में कुल 41 पीएलवी ने भाग लिया। समापन के मौके पर मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अभय कुमार सिन्हा ने सभी प्रशिक्षित पीएलवी के बीच प्रमाण पत्र वितरण किया। मौके पर मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अभय कुमार सिन्हा ने कहा कि पीएलवी का मुख्य उद्देश्य लोगों को कानून की जानकारी देना है। गांव-गांव जाकर लोगों की मदद करना है। उन्होंने कहा कि डालसा एक ऐसा प्लेटफार्म है जहां पर दबे-कुचले और नि:सहायों को कम समय में आसानी से न्याय दिलाने का काम करता है।
पीएलवी लोगों काे न्याय दिलाने में बहुत ही अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी पीएलवी से ईमानदारी एवं निष्ठा से काम करने की अपील करते हुए कहा कि आप लोग न्यायालय व ग्रामीणों के बीच के कड़ी है। उन्होंने कहा कि आप सब गांव के लोगों को कानून के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें कानून की बेसिक जानकारी देंगे, ताकि जानकारी के अभाव में जो लोग कुछ नहीं कर पाते हैं, उन्हें कम से कम न्याय मिल सके। साथ ही प्रमाण पत्र को ठीक से रखने की बात कही। कहा यह आपके भविष्य में बहुत काम आएगा। इससे पूर्व कई पीएलवी ने तीन दिनों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के अनुभव शेयर किये। न्यायिक पदाधिकारी एवं अधिवक्ताओं ने सभी पीएलवी को प्रशिक्षण दिया। समापन के मौके पर एडीजे वन राजेश कुमार, एसीजेएम तरुण कुमार, एसडीजेएम निताशा बाला, न्यायिक दंडाधिकारी रविप्रकाश तिवारी, डालसा के सचिव कनकन पट्टेदार, अवनीश कुमार अधिवक्ता महेंद्र सिंह, राजेश कुमार आदि उपस्थित थे। संचालन न्यायिक दंडाधिकारी रविप्रकाश तिवारी ने किया।