डीसी ने कहा-उचित पैसा लें प्रज्ञा केंद्र, नहीं तो रद्द होंगे लाइसेंस
मनरेगा सहायता केंद्र की ओर से शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिसमें प्रखंड के विभिन्न ग्रामों से आये ग्रामीणों ने अपनी बातें उपायुक्त सूरज कुमार के समक्ष रखी। जनता दरबार में अधिकतर मामले पेंशन, राशन, मनरेगा भुगतान, विद्युत एवं रोजगार से संबंधित था। पेंशन में अधिकतर वैसे मामले हैं जिनका पेंशन राशि उनके खाते में नहीं जा रहा है। जिनमें 28 पुराने पेंशन के मामले सामने आए। 10 नये पेंशन के मामले भी थे। राशन के संबंध में कुछ मामले ऐसे थे जिनको पूर्व में राशन मिल रहा था परन्तु बाद में नाम कट जाने की शिकायतें थी।
रद्द हुए राशन कार्ड की संख्या 22 एवं नये राशन कार्ड के लिए 15 आवेदन आए। कुछ मामले में राशन कार्ड में केवल परिवार के कुछ लोगों का ही नाम था अन्य सदस्यों का नहीं। विद्युत के मामलों में कुछ एक मामलों में अधिक बिल आने एवं कुछ विद्युत कनेक्शन से संबंधित थे। निष्पादन युक्त सारे मामलों को निष्पादन अप्रैल माह के अंत तक करने का निर्देश दिया गया है। उपायुक्त सूरज कुमार ने बीडीओ सुत्रिता मिंज व अंचलाधिकारी विजय कुमार को कहा कि प्राप्त आवेदनों की जांच कर नियमतः कार्रवाई की जाए। उन्होंने ऐसे मामलों को पंचायतवार कैंप लगाकर निष्पादन करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने लोगों को बताया कि विद्युत विभाग की ओर से बीपीएल परिवारों को निःशुल्क कनेक्शन दिया जा रहा है किन्तु उन्हें मीटर लगाना अनिवार्य है।
समय पर बिल का भुगतान करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि पूरे खूंटी जिले में छह नये बिजली घरों का निर्माण हो रहा है। जिसके निर्माण में छह से आठ महीने लगने की संभावना है तत्पश्चात खूंटी जिले में बिजली की आपूर्ति में वृृहत सुधार होगा। प्रज्ञा केन्द्रों में कार्यों के विरुद्ध ली जानेवाली राशि का उल्लेख करने को कहा। साथ ही सभी प्रज्ञा केन्द्र संचालकों को सख्त हिदायत दी कि जनता से उल्लेखित राशि के अनुसार ही लें अन्यथा उनका लाइसेंस रद्द करते हुए उनपर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पेंशनधारियों को पेंशन पेमेंट आॅर्डर (पीपीओ) देने को कहा। उपायुक्त ने महिला समूह द्वारा रोजगार की मांग करने पर उप विकास आयुक्त को जेएसएलपीएस के माध्यम से प्रशिक्षण उपरांत बैंक लिंकेज कराने को कहा। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, बीडीओ, सीओ, बीएसओ व बिरहु, सिलादोन, डाड़ीगुटु, तिलमा, मारंगहादा तथा बारूडीह पंचायत के ग्रामीण उपस्थित थे।
खूंटी में आयोजित जनता दरबार में उपस्थित डीसी और अन्य पदाधिकारी।