सोसोटोली स्थित श्री हनुमान मंदिर की चतुर्थ वर्षगांठ रविवार को धूमधाम से मनाई गई। शुरुआत कलश यात्रा से हुई। कलश यात्रा सोसोटोली स्थित मंदिर प्रांगण से शुरू होकर कुसुमटोली, कर्रा रोड, नेताजी चौक, मेन रोड, तोरपा रोड, कुंजला मोड़ होते हुए गांव की नदी तक पहुंची। वहां कलशों में नदी का पवित्र जल भरने के बाद कलश यात्रा मंदिर प्रांगण तक गई।
तोरपा रोड व कर्रा रोड में कई जगह चना व शरबत के साथ कलश यात्रा में शामिल भक्तों का स्वागत किया गया। दोपहर अखंड हरिकीर्तन का आयोजन किया गया। इसमें कई कीर्तन मंडलियों ने भाग लिया। धार्मिक अनुष्ठान के बाद रात्रि नौ बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन गया गया। इससे पूर्व कलश यात्रा में भाजपा के जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो, 20 सूत्री के जिला उपाध्यक्ष ओपी कश्यप, प्रखंड प्रमुख जीतेंद्र कश्यप मुख्य रूप से शामिल हुए।
आयोजन को सफल बनाने में सतीलाल कश्यप, शैलेंद्र राम, अशोक कश्यप, रूपचंद कश्यप, प्रफुल्ल राम, कामेश्वर राम, नकुल राम, मनमथ राम, अनिल कश्यप आदि ने सहयोग किया। कलश यात्रा की अगुवाई भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो, जीतेंद्र कश्यप व सतीलाल महतो आदि कर रहे थे। इससे पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा सुबह-सुबह सोसोटोली पहुंचकर मंदिर में पूजा अर्चना कि तत्पश्चात मंत्री ने कलश यात्रा को रवाना किया।
वर्षगांठ को लेकर पूरा सोसोटोली गांव बजरंग बली की भक्ति में डूब गया है। गांव में उत्सव का माहौल है। क्या बड़े, क्या बच्चे और क्या वृद्ध, सभी भक्ति से सराबोर हैं। गांव की महिलाओं का उत्साह तो देखते ही बन रही थी। कलश यात्रा में सोसोटोली सहित आसपास के कई गांवों की 501 महिलाओं ने भाग लिया। ज्ञात हो कि महज सौ-डेढ़ सौ परिवार वाले सोसोटोली के ग्रामीणों ने अपने दम पर भव्य मंदिर का निर्माण कराया है।