छोटानागपुरिया तेली उत्थान समाज का एकदिवसीय सम्मेलन रविवार को खूंटी क्लब परिसर में आयोजित किया गया। सम्मेलन में दक्षिण छोटानागपुर प्रमंडल के पांच जिलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष उदासन नाग एवं खूंटी जिलाध्यक्ष शिवनारायण गौंझू ने किया। इस अवसर पर तेली समाज को एसटी का दर्ज देने की मांग जोरदार तरीके से की गई।
मौके पर खूंटी नगर पंचायत की उपाध्यक्ष राखी कश्यप के अलावा तेली समुदाय के वार्ड पार्षदों सोनू कुमार महतो, सोनामती देवी, बिमला देवी और प्रखंड के उप प्रमुख जितेंद्र कश्यप को शॉल ओढ़ा कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा फिल्म कला निर्माण पुस्तक के लेखक व अधिवक्ता मनमथ राम गौंझू को भी सम्मानित किया गया। मौके पर केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष उदासन नाग एवं जिलाध्यक्ष शिवनारायण गौंझू ने कहा कि जब तक हम एकता के सूत्र में बंध कर नहीं रहेंगे, तब तक न हमारा विकास होगा और और न ही हमारी कोई राजनीतिक महत्व रह जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में तेली जाति की आबादी इतनी है कि वे कई सीट में चुनाव का पाशा पलट सकते हैं, लेकिन समाज आज एकजुट नहीं है और इसका खमियाजा हमें भुगतना पड़ रहा है। नगर पंचायत उपाध्यक्ष राखी कश्यप ने कहा कि संगठन में ही ताकत है। अकेले कोई कुछ नहीं कर सकता। जब तक हम समाज के लोगों के दुःख-सुख का साथी नहीं बनेंगे, तब तक हमारी सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक स्तर पर कोई पहचान नहीं रहेगी। युवा नेता दिनेश कुमार महतो ने कहा कि तेली समुदाय को मधुमक्खी की तरह एक होना होगा,वरना झगड़े से कुछ हासिल होने वाला नहीं है। कार्यक्रम का संचालन अनिल कश्यप ने किया। कार्यक्रम को उप प्रमुख जितेंद्र कश्यप, परमानंद कश्यप, सिमडेगा जिलाध्यक्ष जगदीश साहू, उपाध्यक्ष अनिल साहू, मदन गौंझू, मनमथ राम गौंझू, जीवधन राम गौंझू आदि ने संबोधित करते हुए हक व अधिकार के लिए आवाज बुलंद किया और कहा कि जब तक हम एक नहीं होंगे,तब तक हम कुछ नहीं कर पाएंगे। मौके पर जिला उपाध्यक्ष महादेव साहू, जगदीश गौंझू, नरेंद्र साहू, अधिवक्ता मदन गौंझू, योगेंद्र राम, लोहरा साहू, हरि साहू सहित काफी संख्या में तेली समुदाय के महिला-पुरुष उपस्थित थे।
खूंटी क्लब में आयोजित छोटानागपुरिया तेली उत्थान समाज के सम्मेलन में अधिकार को लेकर एकजुट होने की अपील
तेली सम्मेलन का उद्घाटन करते उदासन नाग व खूंटी जिलाध्यक्ष शिवनारायण गौंझू।