पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • ट्रैफिक स्मूथ के लिए भगत सिंह चौक के पास का पीपल पेड़ कटेगा

ट्रैफिक स्मूथ के लिए भगत सिंह चौक के पास का पीपल पेड़ कटेगा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए अनुमंडल प्रशासन ने शुक्रवार की शाम को प्रबुद्धजनों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। एसडीओ प्रणब कुमार पाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में समस्याएं दूर करने के लिए कई उपाय सुझाए गए।

इनमें मुख्य रूप से भगत सिंह चौक पर सड़क के बीचोंबीच स्थित पीपल पेड़ को काटे जाने, भगत सिंह चौक एवं नेताजी चौक के सौंदर्यीकरण कर सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के मुद्दे शामिल हैं। इसके अलावा डाकबंगला रोड का चौड़ीकरण, मेन रोड में पार्किंग की व्यवस्था तथा डेली मार्केट को खूंटी क्लब की जमीन पर स्थानांतरित करने पर भी चर्चा की गई। हालांकि, बैठक के दौरान विहिप व बजरंग दल के प्रतिनिधियों ने पीपल पेड़ काटे जाने के प्रस्ताव पर कड़ी आपत्ति जताई, लेकिन बाद में जनहित को ध्यान में रखते हुए पेड़ काटे जाने पर सहमत हो गए।

लेकिन, विहिप एवं बजरंग दल के प्रतिनिधियों ने भगत सिंह चौक के समुचित विकास के शर्त पर ही पेड़ काटने देने की बात कही। इस पर एसडीओ ने तुरंत एक कमेटी बनाकर किसी कंसल्टेंसी से भगत सिंह चौक की मैपिंग कराने का निर्देश दिया। इस कमेटी में कई प्रबुद्धजनों को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा एसडीओ ने डेली मार्केट के मुद्दे पर सीओ को सात दिनों में जांच रिपोर्ट देने को कहा।

मेन रोड व डाक बंगला रोड में ऑटो वनवे चलाने के संकेत

गौरतलब है कि वर्तमान में जो सीओ हैं, वह एक साल पहले खूंटी क्लब के पक्ष में जांच रिपोर्ट दे चुके हैं। इससे पूर्व बैठक में सुरेंद्र कुमार मिश्रा ने शहर में ट्रैफिक की समस्या को देखते हुए इंडियन ऑयल के टैंकर को रात में चलने देने की मांग की। इस पर एसडीओ ने इंडियन ऑयल टर्मिनल के अधिकारियों से बात करने की बात कही। साथ ही, एसडीओ ने बैठक में समस्या दूर करने के लिए मेन रोड और डाक बंगला रोड में ऑटो को वनवे चलाने के संकेत दिए। इस मुद्दे पर उन्होंने 22 मई को ऑटो वालों की बैठक बुलाई है।

बैठक में नपं अध्यक्ष अर्जुन पाहन, उपाध्यक्ष राखी कश्यप, रमेश मांझी, इसराइल अंसारी, प्रमुख रुकमिला देवी, अगुस्तीन कुजूर, जगपति साहू, मनान अंसारी, रियाज आलम, विनोद जायसवाल, ज्योति सिंह, मुकेश जायसवाल, संदीप आनंद, संदीप तिवारी, प्रियांक भगत, रवींद्र सिंह, प्रशांत भगत, पीटर मुंडू, एसीएफ अर्जुन बड़ाईक, नपं की कार्यपालक पदाधिकारी मेघना रूबी कच्छप, बीडीओ सुचित्रा मिंज, सीओ विजय कुमार के अलावा एनएच व साज के भी प्रतिनिधि उपस्थित थे। एसडीओ ने बहुत जल्द दूसरी बैठक करने की बात कही।

एसडीओ ने शहर को व्यवस्थित व जाम मुक्त बनाने को लेकर प्रबुद्धजनों के साथ की बैठक, प्रमुख समस्याओं पर हुई चर्चा

खबरें और भी हैं...