समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को डीसी सूरज कुमार की अध्यक्षता में जीएसटी से संबंधित बैठक हुई। बताया गया कि सरकारी विभागों, फार्मों व निकायों के निकासी व व्ययन पदाधिकारी जीएसटी काउंसिल द्वारा लिए गए निर्णय के आलोक में 30 जून 2018 तक टीडीएस जीएसटी के कटौती के प्रस्ताव को स्थगित रखा गया है। डीसी ने नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी मेघना रूबी कच्छप को मिशन मोड में अभियान चलाकर दुकानों का जीएसटी रजिस्ट्रेशन कराने को कहा। इस कार्य के लिए नगर पंचायत के कर दारोगा, मापतौल पदाधिकारी, वित्तीय पदाधिकारी, थाना प्रभारी साथ ही मजिस्ट्रेट की एक टीम बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया।
साथ ही बैठक में यह भी बताया गया कि 20 लाख तक के ट्रांजेक्शन पर जीएसटी नंबर लेना अनिवार्य है। इस पर व्यवसायी ध्यान दें। इस अवसर पर स्टेट टैक्स के असिस्टेंट कमिश्नर सुभाष जयपुरिया, आईटीडीए के निदेशक भीष्म कुमार, अपर समाहर्ता रंजीत लाल, अनुमंडल पदाधिकारी प्रणब कुमार पाल, कोषागार पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, बीडीओ व अंचलाधिकारी, पथ प्रमंडल, लघु सिंचाई विभाग, एनआरईपी आदि विभागों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।
72 तालाबों का जीर्णोद्धार कराने का निर्णय
डीसी की अध्यक्षता में 24 मई से मनाए जा रहे जल संरक्षण दिवस को लेकर समाहरणालय सभागार में बैठक हुई। उपायुक्त ने बताया कि 24 मई से सात जून 2018 तक जल संरक्षण पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस अवसर पर खूंटी में 72 तालाबों का जीर्णोद्धार किया जाना है। 37 परिसंचरण टैंक (परक्युलेशन टैंक) का निर्माण किया जाना है। युद्ध स्तर पर लक्ष्य को पूरा करने के लिए डीसी ने पदाधिकारियों व कार्यपालक अभियंताओं की बैठक आहूत की। कार्यपालक अभियंताओं को प्रखंड आवंटित किए गए हैं। उनके सहायक व कनीय अभियंताओं को तालाबों का प्राक्कलन तैयार करने व जीयो टैगिंग करने को कहा। उन्होंने सभी अभियंताओं एवं पदाधिकारियों को कहा कि 21 मई तक तकनीकी स्वीकृति दिया जाए। उन्होंने सख्त निर्देश दिया कि तालाबों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार से पूर्व एक गहराई मापक पोल डालें जिसमें वस्तुस्थिति की जानकारी मिल सके। इसके साथ ही फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी करने का भी निर्देश दिया गया। उन्होंने बीडीओ एवं सीओ को चयनित स्थलों का प्राक्कलन निर्माण में हल्का कर्मचारी एवं पंचायत सेवक को अभियंताओं की टीम के साथ टैग करने को कहा। उन्होंने प्रत्येक तालाबों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार के लिए नोडल पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर आईटीडीए के निदेशक, अपर समाहर्ता, एसडीओ, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता आदि उपस्थित थे।