पंचायती राज विभाग और सर्ड की ओर से पिपराटोली स्थित डीपीआरसी प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला के दूसरे दिन शुक्रवार को बाल संरक्षण व पोषण पर प्रशिक्षण दिया गया। जिले के मुखिया और पंचायत समिति सदस्य उपस्थित हुए।
मास्टर ट्रेनर घनश्याम ओहदार ने उपस्थित प्रतिनिधियों को पोषण पर जानकारी दी। उन्होंने प्रोजेक्टर के माध्यम से गर्भ से लेकर 1000 दिन तक बच्चों की देखभाल की जानकारी दिया। बच्चे को जन्म से एक सप्ताह तक कैसे देखभाल किया जाए, उसे क्या पोषण दिया जाए, टीकाकरण का लाभ कैसे दिया जाए संबंधित चीजों को जानकारी दी। इस कार्यक्रम में जिले के पंचायत प्रतिनिधियों और मुखिया को भाग लेना था, लेकिन बहुत कम संख्या में पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित हुए। मास्टर ट्रेनर ने बताया कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों को अधिक से अधिक संख्या में आना चाहिए था, लेकिन जागरूकता के अभाव में बहुत लोग नहीं पहुंच पाए हैं। पहले दिन बाल मजदूरी और बाल विवाह की रोकथाम पर जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को समापन हो जाएगा। मौके पर अड़की प्रमुख सीता नाग, खूंटी प्रमुख रूकमिला देवी, उप प्रमुख जीतेंद्र कश्यप सहित कई लोग उपस्थित थे।