मुस्लिम भाइयों के पवित्र रमजान माह शुरू होते ही शुक्रवार को पहले जुम्मे की नमाज अदा की। खूंटी के कर्रा रोड स्थित जामा मस्जिद, पाशा कॉलोनी स्थित मस्जिद-ए-जोहरा व जन्नत नगर स्थित छोटी मस्जिद में पहली जुम्मे की नमाज अदा की। इधर, मुरहू, तोरपा, कर्रा, रनिया व अड़की के मुस्लिम भाइयों ने मस्जिदों में जा कर जुम्मे की नमाज अदा की। इसके साथ ही मुस्लिम भाइयों का रोजा व तरावी की नमाज शुरू हो गई। अंजुमन इस्लामिया के सेक्रेट्री रियाज आलम ने रोजेदारो से तड़क-भड़क से दूर रहकर सादगी से रोजा रखने और अल्लाह-ताला की इबादत करने की अपील की। उन्होंने बताया कि शहर के तीन मस्जिदों जमा मस्जिद, छोटी मस्जिद व मस्जिद-ए-जोहरा में तरावी की विशेष नमाज अदा की जाएगी। तरावी की नमाज एशा नमाज के बाद पढ़ी जाएगी। साथ ही उन्होंने नगर पंचायत के अधिकारियों से मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में कम से कम पाक रमजान तक साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने व नियमित जलापूर्ति करने की मांग की है।