भास्कर संवाददाता|कीरतपुर साहिब
गांव दौलोवाल के नत्था सिंह (67) ने गांव की सरपंच के पति पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। बुजुर्ग ने थाना कीरतपुर साहिब में इस संबंध में दरखास्त देकर पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की है।
बुजुर्ग नत्था सिंह ने बताया कि गांव के 8 से 10 घरों को एक सांझी बिजली की तार जाती है, जो बहुत पुरानी हो चुकी थी। तार को बदलने के लिए लोगों ने सरपंच कुलवंत कौर प|ी करनैल सिंह की सहमति लेकर एसडीओ कीरतपुर साहिब को अर्जी दी। उन्होंने बताया कि बिजली विभाग के मुलाजिम उक्त तार को बदलने आए तो सरपंच के पति करनैल सिंह ने मेरे साथ मारपीट की और जातिसूचक शब्द कहे। यही नहीं उसने बिजली विभाग के मुलाजिमों को भी गालियां दीं। अगली बार जब बिजली मुलाजिम तार बदलने आए तो फिर सरपंच के पति ने उन्हें रोका और मेरे साथ मारपीट की।
वहीं दूसरी तरफ सरपंच के पति करनैल सिंह ने बुजुर्ग नत्था सिंह द्वारा उनके ऊपर लगाए सभी आरोपों को झूठा बताया। उन्होंने कहा कि उक्त व्यक्ति उनके घर अाकर मुझे गाली देता है। बिजली की तार बदलने के लिए उन्होंने नहीं रोका। पुलिस थाने के मुख्य मुंशी प्रदीप शर्मा ने कहा कि मामले की जांच एएसआई जीत राम कर रहे हैं।