किशनगंज| गोपालपुरा डैम से निकल रही नहर व एनीकट को लेकर 2 करोड़ 69 लाख की लागत से कराए जा रहे मरम्मत कार्य का घटिया निर्माण हो रहा है।
किसान महापंचायत के प्रदेश संयोजक सत्यनारायण सिंह, जलप्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामसिंह मीणा, किशोर सुमन व नंदलाल ने बताया कि गोपालपुरा से निकल रही रामगढ़ नहर व बरूनी शारण के एनीकट की दीवार बगैर नींव खोदे ही बनाई जा रही है, जिसके चलते बारिश में पानी के सीपेज होने की संभावना बढ़ेगी। किसान महापंचायत के प्रदेश संयोजक सिंह ने बताया कि जिस राशि का उपयोग नदी में बह रहे पानी को रोकने के लिए किया जाना था, उस राशि का उपयोग विभाग की ओर से पहले से बने एनीकट व अन्य कार्यों में किया जा रहा है। जलप्रबंधन समिति के सदस्यों ने निर्माण कार्यों की जांच करने की मांग की है। वहीं एईएन बुजेश बैरवा ने बताया कि विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में रहकर ही कार्य किया जा रहा है फिर भी कहीं पर अनियमितता बरती जा रही है तो उसकी जांचकर गुणवत्ता के साथ कार्य करवाया जाएगा। पहले भी कई बार शिकायत मिलने के बाद काम को बंद करवाया गया है।