किसानों ने एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर जलाई लहसुन की होली
किशनगंज| जिले में लहसुन की बंपर पैदावार होने के बावजूद किसानों को लहसुन का बाजार में उचित दाम नहीं मिल रहा है। समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन कराने के बाद भी किसान का तिथि नहीं बढ़ाने से नंबर नहीं आ रहा है।
ऐसे में इन सभी मांगों को लेकर बुधवार को किसान महापंचायत ने उपखंड कार्यालय पर प्रदर्शन कर एसडीएम कार्यालय के मुख्यद्वार पर लहसुन की होली जलाकर प्रदर्शन किया। इससे पहले किसान महापंचायत के तहसील अध्यक्ष छीतरसिंह हाड़ा की अगुवाई में किसान पेट्रोल पंप पर एकत्रित हुए। यहां से रैली के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां पर मुख्यद्वार पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया गया।
इसके बाद लहसुन का बाजार में कम भाव मिलने पर सड़क पर लहसुन की होली जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद एसडीएम कार्यालय पर ही किसान धरना देकर बैठ गए। धरने को संबोधित करते हुए किसान महापंचायत के प्रदेश संयोजक सत्यनारायण सिंह ने कहा कि लहसुन की खरीद ऊंट के मुंह में जीरे के बराबर है। हजारों की संख्या में किसानों ने बाजार में लहसुन का कम भाव होने से रजिस्ट्रेशन करवाया था।
अब सरकार ने खरीद पहले 12 मई व अब 18 मई की है। किसान कर्ज के चलते आत्महत्या कर रहे हैं, जबकि सरकार के मंत्री मृतक के परिवार को सहायता देने की जगह इसे स्वाभाविक मौत बता रहे हैं, जो गलत है। किसान महापंचायत ने 2 घंटे तक धरना-प्रदर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार सुरेंद्र शर्मा को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए सीआई धनराज मीणा मय जाब्ते के मौजूद थे। इस दौरान धरना-प्रदर्शन में जगदीश सिंह अटवाल, प्रतापचंद शर्मा, राजा शर्मा, रमेशचंद मीणा, ओमप्रकाश नागर, श्यामसुंदर तिवारी, मुकेश पालीवाल, हरिशंकर, बालकिशोर पांचाल, हेमराज नागर, रमेशचंद नागर, सरवन सिंह आदि मौजूद थे।
किशनगंज. लहसुन की होली जलाकर प्रदर्शन करते किसान महापंचायत के कार्यकर्ता।