मदनगंज-किशनगढ़. ग्राम काढ़ा में पक्षियों के लिए परिंडे लगाते ग्रामवासी।
भास्कर न्यूज| मदनगंज-किशनगढ़
चिलचिलाती धूप में पक्षियों के लिए पेयजल के इंतजाम के लिए शुक्रवार को 20 पेड़ों पर परिंडे बांधे गए। ग्राम काढ़ा में ग्रामीणों ने पेड़ों पर परिंडे बांधकर अपने घर आंगन में पक्षियों के लिए दाने-पानी की व्यवस्था करने की शपथ दिलाई गई।
दैनिक भास्कर की विनम्र पहल ‘आइए बने पंछियों का सहारा’ अभियान के तहत शुक्रवार को ग्राम काढ़ा में धर्मा काढ़ा के सहयोग से 20 पेड़ों पर परिंडे बांधकर उनमें पानी भरा गया।
काढ़ा ने बताया कि प्रकृति ने हमें अपार दिया है और देने का सुख क्या होता है यह कहने से नहीं करने से रोम रोम में महसूस किया जा सकता है। तेज गर्मी में बिना पानी के हमारी क्या हालत होती है वही हालत पक्षियों की होती है। पेयजल संकट से चिड़िया, कबूतर व अन्य पक्षियों की जान पर बन आती है। सभी बच्चे अपने घरों में पक्षियों के लिए दाने और पानी की व्यवस्था छत पर, आंगन में या घर में लगे पेड़ों पर करें। ताकि हम पक्षियों को राहत दे सकें।
कार्यक्रम में श्योजीराम जाट, प्रहलाद जाट, प्रभु, गोपाल, गोगाराम ने और परिंडे लगाने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणाें ने दैनिक भास्कर की ओर से चलाए गए जल मित्र, परिंडा अभियान की प्रशंसा की।