पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • ड्राइविंग करते समय फोन पर बात करने पर खिंचेगी फोटो, लाइसेंस होगा रद्द

ड्राइविंग करते समय फोन पर बात करने पर खिंचेगी फोटो, लाइसेंस होगा रद्द

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज| मदनगंज-किशनगढ़

ड्राइविंग करते समय मोबाइल पर बात करने वाले वाहन चालकों की जान खतरे में रहती है लेकिन अब उनका लाइसेंस भी खतरे में पड़ सकता है। अब यातायात पुलिस से बच नहीं पाएंगे। 25 मई से यातायात पुलिस परिवहन विभाग के साथ मिलकर कार्रवाई को अंजाम देगी। जिसमें विशेष तौर पर मोबाइल पर बात करते हुए दुपहिया, चौपहिया वाहन चलाने वालों के चालान बनाए जाएंगे। ट्रैफिक पुलिस पहले संबंधित चालक की गाड़ी पर मोबाइल से बात करते हुए की फोटो लेंगे, फिर चालान काटेंगे। चालान की कॉपी ट्रैफिक पुलिस परिवहन विभाग को भेजेगी। हाईकोर्ट ने गत 27 अप्रैल को वाहन चलाते समय बात करने वाले वाहन चालकों के लाइसेंस रद्द करने के आदेश दिए थे। परिवहन विभाग की टीम वाहन चालक को बुलाकर पूछताछ करेगी और दोषी पाए जाने पर उसका लाइसेंस स्थाई रूप से निलंबित करने की अनुशंसा की जाएगी। उसके बाद चालक का लाइसेंस रद्द होगा। एसपी राजेंद्र सिंह के निर्देश पर ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। लाइसेंस रद्द करने की यह कार्रवाई ट्रैफिक पुलिस के मार्फत होगी। हेलमेट नहीं पहनने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।

चालान काटने पर यातायात पुलिस चालक के मोबाइल पर बात करते हुए ड्राइव करने की फोटो और चालान की कॉपी भेजेगी। विभाग वाहन चालक को बुला कर उसका पक्ष जानेगा। अगर दोष साबित होगा तो न्यायालय के आदेशानुसार ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई होगी। देवेंद्र आकोदिया, डीटीओ, किशनगढ़

ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ नियमित रूप से कार्रवाई की जाती है। न्यायालय के आदेशानुसार ड्राइविंग करते समय मोबाइल पर बात करने वाले चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। ऐसे चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी। ओमप्रकाश किलानिया, पुलिस उपाधीक्षक, किशनगढ़

एसपी ने दिए रोजाना कार्रवाई के आदेश

पुलिस अधीक्षक राजेंद्र सिंह ने पुलिस उपअधीक्षक व थानाधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर मोबाइल पर बात करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए है। रोजाना चालान काटकर इसकी प्रति परिवहन विभाग को देने को कहा है। जगह-जगह कैंप लगाकर चालान की कार्रवाई करनी होगी।

हाईकोर्ट ने दिए थे आदेश

मोबाइल पर बात करते या ईयर रिंग लगाकर गाने सुनते अथवा ब्लू टूथ से कार में मोबाइल पर बात समय दुर्घटनाएं बढ़ने लगी है। हादसों को रोकने के लिए वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई करने के उद्देश्य से राजस्थान हाईकोर्ट ने आरटीओ को ऐसे वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने के आदेश दिए थे।

चालक से पहले पूछताछ होगी

ट्रैफिक पुलिस की ओर से चालान काटने के बाद परिवहन विभाग संबंधित चालक का ड्राइविंग लाइसेंस सीधे रद्द नहीं करेगी। इसके लिए पहले चालक से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए जाएंगे। अगर दोष साबित होगा तो लाइसेंस स्थाई रूप से रद्द होगा। अभी पुलिस ऐसे वाहन चालकों से समझाईश कर रही हैं।

मदनगंज-किशनगढ़- वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने वालों को समझाती यातायात पुलिस।

अब तक काटे 20 चालान

एसपी ने नियम तोड़ने वाले पुलिसकर्मियों और सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ विशेष तौर से कार्रवाई के आदेश दिए है। एसपी राजेंद्र सिंह का कहना है कि नियमों की पालना नहीं करेंगे तो फिर दूसरों से अपेक्षा कैसे की जा सकती है। इसके तहत अभियान चलाया जा रहा है। पिछले सात दिन में यातायात पुलिस ने 20 वाहन के चालान काटे है।

खबरें और भी हैं...