पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • उपखंड में इस सीजन का सबसे गर्म दिन, 43 डिग्री पर पहुंचा तापमान

उपखंड में इस सीजन का सबसे गर्म दिन, 43 डिग्री पर पहुंचा तापमान

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज | मदनगंज-किशनगढ़

उपखंड में गुरुवार को इस सीजन में अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। शहर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सुबह सवेरे 10 बजे से ही सूरज की किरणें चुभने लगी। इसके बाद धुंध वाली तेज धूप ने असर दिखाया। दोपहर बाद लू के थपेड़ों से हाल बेहाल हो गए। शाम तक लू का असर रहा। वातावरण में सिर्फ 16 प्रतिशत तक नमी रही और 33 प्रतिशत बादल छाए रहे। शहर में पखवाड़ेभर पारा 40 डिग्री के ऊपर चल रहा है।

जिलेभर में लगातार बढ़ रही गर्मी की तपिश को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने गर्मी में एहतियात के तौर पर सभी चिकित्सा संस्थानों को लू तापघात से बचाव और उपचार की पूरी व्यवस्थाएं रखने के निर्देश जारी किए हैं। मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार आगे भी यही स्थिति रहने के आसार हैं। तन झुलसाने वाली तेज धूप और भीषण गर्मी से हाल बेहाल, रात में भी चैन नहीं है।

8 घंटे में बढ़ गया 15 डिग्री तापमान

शहर में सुबह सूरज उगते ही गर्मी ने असर दिखाना शुरू दिया है। मौसम की वेबसाइट के अनुसार गुरुवार सवेरे 8 बजे शहर का तापमान 29 डिग्री था। 10 बजे 32 डिग्री, दोपहर 12 बजे 38 डिग्री, 2 बजे 42 डिग्री और 4 बजे 43 डिग्री पर पहुंच गया। यानी 8 घंटों में तापमान 15 डिग्री तक बढ़ गया। इसके बाद शाम 6 बजे 41 डिग्री और 8 बजे तापमान 37 डिग्री पर पहुंच गया। शाम तक गर्म हवाएं चलती रही।

लू तापघात रोगियों के लिए बेड आरक्षित

गर्मी के असर को देखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर दो बेड, सीएचसी और सरकारी अस्पताल पर पांच बेड लू तापाघात रोगियों के लिए आरक्षित कर दिए गए हैं। रेपिड रिस्पॉन्स टीमों का भी गठन कर दिया गया है। प्रत्येक पीएचसी-सीएचसी पर एक-एक रेपिड रिस्पॉन्स टीम का गठन कर दिया गया है। वार्डों में कूलर और पंखों की व्यवस्था कर दी गई है।

पश्चिमी विक्षोभ का असर

पश्चिमी विक्षोभ के कारण पखवाड़ेभर में प्रदेश के मौसम में जबर्दस्त उतार-चढ़ाव रहा है और पश्चिमी जिलों में पाकिस्तान की तरफ से आने वाली हवाएं प्रभावी हो गई है। पश्चिम से आ रही गर्म हवाओं के कारण तापमान में बढ़ रहा है। मंगलवार को आसमान धुंधला रहा।

गुरुवार को पारा 43 डिग्री पर पहुंच गया। गर्मी से बचने का जतन करते शहरवासी।

यदि ये लक्षण दिखें तो तुरंत अस्पताल पहुंचें

चक्कर आना, तेज सिर दर्द होना, उल्टी और दस्त की शिकायत होने पर तुरंत अस्पताल पहुंचें। सीएमएचओ डॉ. के. के. सोनी ने बताया कि तापाघात से बचने के लिए लोग खानपान में दही, छाछ, लस्सी, कच्ची केरी, इमली नींबू का पानी, ताजा फल, सब्जियों आदि का सेवन करें। घर से बाहर निकलने के पहले भरपेट पानी अवश्य पिएं। सूती, ढीले एवं आरामदायक कपड़े पहनें। धूप में निकलते समय अपना सिर ढककर रखें।

7 दिन में बढ़ा 4 डिग्री पारा

दिनांक अधिकतम न्यूनतम

11 मई 40 28

12 मई 41 29

13 मई 40 29

14 मई 38 26

15 मई 41 28

16 मई 42 28

17 मई 43 29

(नोट: तापमान डिग्री सेल्सियस में)

खबरें और भी हैं...