भास्कर न्यूज | मदनगंज-किशनगढ़
अजमेर रोड स्थित सुमेर नगर के सामने स्थित अर्चना कॉम्पलेक्स को बुधवार देर रात को चोरों ने एक साथ 6 दुकानों के ताले तोड़ दिए। चोरों ने बड़ी सफाई से कॉम्पलेक्स के मेन गेट के दरवाजे के ताले को तोड़कर भीतर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने एक-एक कर दुकानों के शटर के कुंदे को उखाड़कर हजारों रुपयों का माल साफ कर लिया। खास बात ये है कि चोरों ने दुकान में रखा सामान नहीं बल्कि गल्ले में रखी नकदी और लेपटॉप को चुरा लिया। घटना का पता चलते ही गुरुवार सुबह हड़कंप मच गया। सभी दुकानदार कॉम्पलेक्स पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया।
जानकारी के अनुसार अजमेर रोड पर सुमेर नगर के सामने कृष्णापुरी में अर्चना कॉम्पलेक्स है। इस कॉम्पलेक्स के दुकानदार रोजाना की तरह बुधवार रात 9 बजे दुकानें बंद कर अपने घर चले गए। देर रात चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए कॉम्पलेक्स के मुख्य द्वार का ताला तोड़ दिया। इसके बाद चोर भीतर घुसे और एक-एक कर दुकानों के शटर के कुंदे उखाड़ने लगे। दुकानों के भीतर प्रवेश कर गल्लों में रखी नकदी चुरा ली। हालांकि चोरों ने दुकान से कोई सामान नहीं चुराया। उनका मकसद सिर्फ नकदी चुराना था। घटना का पता गुरुवार सुबह पड़ोसी चाय की दुकान संचालक को चला। मुख्य द्वार का ताला टूटा देख दुकानदार ने कॉम्पलेक्स के दुकानदारों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही दुकानदार भागे-भागे कॉम्पलेक्स पहुंचे और अपनी दुकानों को संभालने लगे। चोरों ने कॉम्पलेक्स में अंडरग्राउंड और ऊपरी मंजिल की 6 दुकानों के कुंदे उखाड़ लिए। चोरों ने दुकानों से नकदी चुरा ली।
अजमेर रोड स्थित कॉम्पलेक्स में चोरों ने दुकान के ताले तोड़कर गल्ले से चुराई नकदी।
इन दुकानों को बनाया निशाना
चोरों ने आदर्श बुक्स ड्रेसेज दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखी करीब तीन हजार रुपए की नकदी चुरा ली। संचालक रामवतार ठठेरा ने बताया कि दुकान के भीतर किताबें, गिफ्ट आइटम, कम्प्यूटर सहित अन्य सामान रखा हुआ था लेकिन चोरों ने सामान नहीं चुराया। वे नकदी चुरा ले गए। इसी तरह चोरों ने मैना टिंबर्स के शटर के कुंदे तोड़कर गल्ले से नकदी चुरा ली। उसके आगे रामस्वरूप शर्मा की दुकान से करीब पांच हजार रुपए की नकदी चुरा ली। आगे की दो दुकानों के भी ताले तोड़ लिए। पहली मंजिल पर चोरों ने एडवोकेट रक्षा शर्मा और सुजीत शर्मा के ऑफिस की टेबल की ड्रॉ में रखा लैपटॉप चुरा लिया। चोरों ने डॉ. अनिल पालीवाल के होम्योपैथिक क्लीनिक के भी ताले तोड़ दिए। हालांकि भीतर का कांच का दरवाजा लॉक होने से चोरों ने भीतर प्रवेश नहीं किया। इसी तरह दो अन्य दुकानों के भी शटर के ताले तोड़। चोरी का पता चलते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया।