पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • मंदिर में प्रतिमाओं को किया खंडित, ग्रामीणों ने जताया रोष

मंदिर में प्रतिमाओं को किया खंडित, ग्रामीणों ने जताया रोष

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज | मदनगंज-किशनगढ़

नजदीकी ग्राम उदयपुर खुर्द स्थित रामझरोखा मंदिर में बुधवार देर रात को असामाजिक तत्वों ने शिव परिवार की मूर्तियों को खंडित कर दिया। घटना का पता गुरुवार सुबह चलते ही ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से समझाइश का प्रयास किया। गुस्साए ग्रामीणों ने असामाजिक तत्वों की गिरफ्तारी की मांग की है। हालांकि इस संबंध में ग्रामीणों की ओर से कोई रिपोर्ट नहीं दी गई।

जानकारी के अनुसार ग्राम उदयपुर खुर्द में रामझरोखा मंदिर है। मंदिर में देर रात असामाजिक तत्वों ने प्रवेश कर मूर्ति को खंडित कर दिया। घटना का पता सुबह 6 बजे पुजारी व दर्शन करने आए श्रद्धालुओं को चला। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। असामाजिक तत्वों द्वारा मूर्ति खंडित करने पर ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। इसका ग्रामीण विरोध जताने लगे। सूचना पर किशनगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल मौका मुआयना किया। मौके पर तहसीलदार और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंच गए। प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस ने ग्रामीणों से समझाइश का प्रयास किया। ग्रामवासी असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई, गिरफ्तारी की मांग करने लगे। हालांकि खबर लिखे जाने तक ग्रामीण और श्रद्धालुओं की ओर से थाने में कोई रिपोर्ट नहीं दी गई।

पुजारी के सुबह मंदिर पहुंचने पर मिली घटना की जानकारी

मदनगंज-किशनगढ़. उदयपुर खुर्द में असामाजिक तत्वों ने किया शिव परिवार की मूर्तियाें को खंडित।

सन 2005 में भी हुई थी ऐसी घटना

ग्रामीणों ने बताया कि ये पहली घटना नहीं है। वर्ष 2005 में भी मूर्ति खंडित करने की घटना हो चुकी है। तब भी ग्रामीणों ने रोष जताया था। असामाजिक तत्वों ने शिव परिवार की मूर्ति को खंडित किया था लेकिन आज तक पुलिस उन्हें नहीं पकड़ पाई। अब फिर दूसरी घटना हुई है। इधर गत दिनों पूर्व सिंधी कॉलोनी में शिव परिवार की मूर्ति पर तेजाब डालकर खंडित करने वालों का भी अब तक पुलिस पता नहीं लगा पाई।

इनका कहना है

किसी ने मूर्तियों को खंडित किया है। मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया गया। किसी ने अब तक इस संबंध में थाने में रिपोर्ट नहीं दी है। बंशीलाल पांडर, थाना प्रभारी, किशनगढ़ थाना

खबरें और भी हैं...