भास्कर न्यूज.मदनगंज-किशनगढ़.
शहर में लगातार बढ़ रही चोरियों की घटनाओं को अंजाम देने वाले चोर गिरोह तक पुलिस पहुंच गई। पुलिस के हाथ बाल अपचारी लगा है जिससे पूछताछ में चोर गिरोह के सदस्य सभी स्थानीय कॉलोनियों का होना सामने आया है। लोगों ने शनिवार देर रात को अजमेर रोड स्थित कृष्णापुरी क्षेत्र में परचूनी की दुकान के ताले तोड़ने का प्रयास करते हुए तीन चोरों को रंगेहाथों पकड़ लिया। हालांकि इनमें से दो आरोपी मौका देखकर हाथ छुड़ाकर फरार हो गए। वहीं तीसरा हत्थे चढ़ गया। पकड़ा गया आरोपी बाल अपचारी है। उसे लोगों ने मौके पर पुलिस को बुलाकर सौंप दिया गया। पुलिस गिरोह के अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार अजमेर रोड स्थित कृष्णापुरी के बाहर अमित कराना स्टोर पर देर रात अज्ञात चोरों ने ताले तोड़ने का प्रयास किया। दुकान के सामने जांगिड़ परिवार रहता है। परिवार के लोगों ने देर रात 1 बजे तीन युवकों को दुकान के ताले तोड़ते देखा। इस पर परिवार के लोग मोहल्लेवासियों के साथ हाथों में लकड़ियां लेकर दौड़े और तीनों को दबोच लिया। हालांकि दो युवक हाथ छुड़ाकर भागने में कामयाब हो गए। जबकि तीसरा पकड़ा गया। तीसरा युवक बाल अपचारी है। लोगों ने कुछ ही देर में मदनगंज थाना पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी। इससे पूर्व आरोपियों ने मयूरेश मेडिकल के सामने स्थित चाय की दुकान और पास ही कॉम्पलेक्स में सरिये की दुकान को निशाना बनाया। लेकिन वे ताले तोड़ने के बाद चोरी करने में सफल नहीं हो पाए।
इलाके के ही हैं चोर, रात में चोरी कर दिनभर घूमकर रैकी करते हैं
जानकारी के अनुसार चाेरी की वारदात को अंजाम देने वाले कृष्णापुरी और आसपास की कॉलोनी के रहने वाले हैं। दिनभर घूमकर रैकी करते, छोटा मोटा काम करते और रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते। पकड़ा गया बाल अपचारी कई बार दुकानों पर चाय पकड़ाने आते हैं। इसी बहाने दुकानों पर नजर रखता है। पकड़ा गया बाल अपचारी भी अर्चना कॉम्पलेक्स में चाय पकड़ाने गया था। 16 मई की देर रात को अर्चना कॉम्पलेक्स में छह दुकानों के ताले तोड़ हजारों रुपए चुरा लिए थे। बाल अपचारी वारदात के अगले दिन इसी कॉम्पलेक्स में गया और दुकानदारों से चोरी के बारे में बातचीत करके आया।
पुलिस को मिल सकती है बड़ी सफलता, घटना की दिनभर चर्चा
शहर में इन दिनों चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही है। ऐसे में बाल अपचारी के पकड़ में आना और गिरोह के सदस्यों के बारें में जानकारी मिलना पुलिस को बड़ी सफलता तक पहुंचा सकती है। हालांकि बाल अपचारी के बताए अनुसार पुलिस लगातार दबिश देकर अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। देर रात बाल अपचारी को पकड़ने की घटना की चर्चा दिनभर कृष्णापुरी में रही।