मदनगंज-किशनगढ़| पंचायती राज सेवा परिषद के तीनों संवर्गों के अधिकारी व सदस्य सोमवार से तीन दिन के सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। इनके अवकाश के कारण न्याय आप के द्वार शिविर के कार्य सहित रूटीन कार्य प्रभावित होंगे। जानकारी के अनुसार परिषद के तीनों संवर्गों के साथ सरकार ने पिछले साल 24 जून को लिखित समझौता किया था। उस समझौते को लागू नहीं करने के विरोध में ग्राम विकास अधिकारी, पंचायत प्रसार अधिकारी व विकास अधिकारी सामूहिक रूप से अवकाश पर रहेंगे। सभी 23 मई तक अवकाश पर रहेंगे। इससे न केवल उपखंड अपितु पूरे जिले में पंचायतीराज के सभी कार्य प्रभावित रहेंगे। परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि सामूहिक अवकाश को लेकर तीन दिन पूर्व ही उच्च अधिकारियों को ज्ञापन देकर जानकारी दी गई है।