अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और वार्ड पार्षद के लिए 34232 मतदाता डालेंगे वोट
नगर निकाय चुनाव कराने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। शुक्रवार को डीसी विनोद कुमार ने एसपी राजकुमार लकड़ा के साथ प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि 16 अप्रैल की सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक भयमुक्त माहौल में निष्पक्ष मतदान होगा। मतदान को लेकर जिला प्रशासन पूरी विधि व्यवस्था के साथ तैयार है। नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद महिला के लिए आरक्षित है। वहीं उपाध्यक्ष पद अनारक्षित है।
जिले में 34232 मतदाता हैं। जिसमें 16743 पुरुष व 17489 महिला मतदाता अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार का चयन करेंगे। चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए 6 उम्मीदवार खड़े हैं। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए 10 उम्मीदवार हैं। 23 वार्ड के लिए 118 उम्मीदवार हैं। जिसमें से 53 महिला प्रत्याशी व 65 पुरुष प्रत्याशी हैं। डीसी ने बताया कि मतदान के लिए 41 भवन में 46 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें से 31 संवेदनशील व 15 अतिसंवेदनशील बूथ है। मतदान के लिए 171 ईवीएम लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि बीडीओ, सीओ व एक्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट द्वारा शत प्रतिशत बूथ का सत्यापन कर लिया गया है। मतदान से पूर्व 14 अप्रैल को जिला प्रशासन की ओर से सभी वोटरों के लिए वोटर पर्ची का वितरण कर दिया जाएगा। वहीं 15 अप्रैल को पोलिंग पार्टी एवं सुरक्षा कर्मियों का डिस्पैच किया जाएगा। निर्वाचन क्षेत्र में 4 क्लस्टर बनाए गए हैं। जिसमें प्लस टू नदिया हिंदू उच्च विद्यालय, पुराना नगरपालिका कार्यालय, बालिका उच्च विद्यालय व मधुसूदन लाल अग्रवाल महिला कॉलेज शामिल हैं। एसपी ने कहा कि चुनाव में विधि व्यवस्था के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात किए जाएंगे। जिला पुलिस बल के अलावा बाहर से 100 से अधिक बल बुलाया गया है। जिले के विभिन्न स्थानों में 6 चेक पोस्ट बनाए गए हैं। जिसमें बलदेव साहू महाविद्यालय पुलिस पीकेट, बक्सीडीपा पुलिस पीकेट, निंगनी बैंक ऑफ इंडिया के निकट, शंख नदी पुलिस पीकेट, बदला पुलिस पीकेट व किस्को मोड़ पुलिस पीकेट शामिल है। उन्होंने बताया कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले वार्ड संख्या 10 के वार्ड पार्षद प्रत्याशी मकबूल आलम सहित तीन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।