4-6 घंटे से मिल रही बिजली, लोग परेशान
पावर सब स्टेशन में साढ़े 3 एमबीए का ट्रांसफार्मर खराब
भास्कर न्यूज |किस्को
पतरातू पावर सब स्टेशन का साढ़े तीन एमबीए का ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण किस्को प्रखंड में पिछले 10 दिनों से लोगों को अनियमित बिजली मिल रही है। लोगों को 24 घंटे में 4 से 6 घंटे से किस्तों में बिजली आपूर्ति की जा रही है। इससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है।
पतरातू पावर सब स्टेशन में 2 ट्रांसफार्मर 5 एमबीए और एक साढ़े 3 एमबीए का है। प्रखंड में बगडू, किस्को व तिसिया फीडर हैं। पतरातू पावर सब स्टेशन से बिजली कनेक्शन वाले 6000 कंजूमर है। जिसमें किस्को फीडर में 3000, बगड़ू में 2000 एवं तिसिया फीडर में 1000 कंजूमर हैं। लेकिन पतरातू सब स्टेशन में ट्रांसफार्मर अक्सर खराब रहने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है, लेकिन विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। बिजली की अनियमित आपूर्ति से विद्यार्थियों की पढ़ाई भी चौपट हो रही है। इस संबंध में बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता जेम्स कुजूर ने कहा कि पतरातू पावर सब स्टेशन के एक ट्रांसफार्मर में इंटरनल प्रॉब्लम आ गया है करीब 1 सप्ताह में दुरुस्त कर दिया जाएगा।