स्वस्थ रहने के लिए स्वच्छता को अपनाएं लोग
भास्कर न्यूज|लोहरदगा|सेन्हा
ग्राम स्वराज अभियान के तहत स्वच्छ भारत दिवस पर जिला स्तरीय स्वच्छता मेला का आयोजन सेन्हा प्रखंड अंतर्गत बुनियादी विद्यालय परिसर में किया गया। मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री सुदर्शन भगत, उपायुक्त विनोद कुमार, एसपी राजकुमार लकड़ा व माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्रीचंद प्रजापति ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री सुदर्शन भगत ने कहा कि भारत सरकार ने स्वच्छता को प्रमुखता से लिया है।
अस्वच्छता के कारण हमें कई बीमारियां होती है और हम कमाई का एक हिस्सा इलाज में लगा देते हैं। यदि हम स्वच्छ रहेंगे तो स्वस्थ रहेंगे और स्वस्थ रहेंगे तो इलाज आदि में अनावश्यक व्यय नहीं होगा। उस राशि का उपयोग हम अपने विकास पर करेंगे और हम खुशहाल रहेंगे। कहा कि लोहरदगा जिला तो ओडीएफ क्षेत्र घोषित हो चुका है, अब हम सभी को शौचालय का प्रयोग करना होगा। ग्राम स्वराज अभियान की शुरुआत 14 अप्रैल 2018 को बाबा साहब के जयंती समारोह से ही हो चुका है और यह कार्यक्रम 5 मई 18 तक चलेगा। हमारी प्राथमिकता है स्वच्छता सफाई और पंचायती राज संस्थाओं का सुदृढ़ीकरण कर कल्याणकारी योजनाओं को लागू करवाना। उपायुक्त ने कहा कि सरकार की ओर से सभी पंचायतों में, विद्यालय भवनों में हैंड वाश यूनिट की स्थापना की जा रही है। सभी विद्यालयों में हाथ धुलाई के पश्चात मध्याह्न भोजन कराया जाता है हम सभी को बच्चों से भी सीख लेनी चाहिए और हाथ धोने के पश्चात ही भोजन करना चाहिए। उप विकास आयुक्त शशिधर मंडल ने कहा कि विकास की सारी योजनाओं को धरातल पर उतारी जा रही है, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है। हम और भी बेहतर कार्य कर सके इसके लिये सभी की भागीदारी की आवश्यक है। स्वागत भाषण देते हुए पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता मो रेयाज आलम ने बतलाया की लोहरदगा जिला स्वच्छता के क्षेत्र में इतिहास गढ़ चुका है। कार्यक्रम को सेन्हा प्रखंड प्रमुख कलावती देवी व निगरानी एवं अनुश्रवण समिति के सदस्य रमेश उरांव ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अरुण राम एवं धन्यवाद ज्ञापन जेई सचिंद्र मोहन झा ने किया। इस मौके पर एनडीसी राजीव नीरज, छन्दा भटटाचार्यी, भाजपा जिलाध्यक्ष राज मोहन राम, सांसद प्रतिनिधि चंद्रशेखर प्रसाद, किस्को प्रखंड प्रमुख सरिता देवी, 20 सूत्री के सदस्य राज किशोर महतो, बालकिशोर नाथ शाहदेव, अरुण राम, संजीव कुमार, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के एसडीओ गोविंद कच्छप, रोहित उराव, पंकज पिंगुवा, रतन खलखो, परवेज आलम, मनसा रानी, प्रभा कुमारी, कृष्ण कुमार गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित थे। मंत्री सहित अन्य अधिकारियों ने सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।