डीसी ने की अपील, शत प्रतिशत मतदान करें लोग
फ्लैग मार्च में शामिल एसडीपीओ व अन्य।
भास्कर न्यूज|कोडरमा
16 अप्रैल को नगर निकाय चुनाव अंतर्गत झुमरी तिलैया नगर पर्षद व डोमचांच नगर पंचायत के विभिन्न पदों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त भुवनेश प्रताप सिंह ने मतदाताओं से बढ़चढ़ कर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। इस संबंध में मतदाताओं से संबंधित उपायुक्त स्तर से जारी अपील में लोगों से स्वच्छ एवं भयमुक्त वातावरण में जाति, धर्म एवं प्रलोभन इत्यादि से प्रभावित हुए बिना अपने मताधिकार का प्रयोग करने व लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाने की अपील की गई है। उपायुक्त ने मतदाताओं को प्रशासन द्वारा स्वच्छ एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न कराने की पूरी मुकम्मल व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि शत प्रतिशत मताधिकार के प्रयोग से ही विश्व स्तर पर भारत ही सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश की उपाधि बनी रह सकती है, इसकी जिम्मेवारी आम लोगों पर है।
प्रशासन ने किया फ्लैग मार्च
नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने शनिवार को नगर पर्षद झुमरीतिलैया में फ्लैग मार्च किया। मार्च का नेतृत्व एसडीओ प्रभात कुमार बरदियार व एसडीपीओ अनिल शंकर ने की। मार्च में काफी संख्या में पुलिस बल के सशस्त्र जवान शामिल थे। मार्च महाराणा प्रताप से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों पर गुजरी। मौके पर बीडीओ मिथलेश चौधरी के अलावा थाना प्रभारी भी शामिल थे।