रांची के स्वास्थ्यकर्मी की दुर्घटना में मौत
घाटी अंतर्गत नौवामाईल के समीप रांची-पटना रोड पर शनिवार को हुई सड़क दुर्घटना में स्वास्थ्य विभाग रांची में कार्यरत एक कर्मी की मौत हो गई। मृतक का नाम राजेश कुमार सिंह उम्र 40 साल है। घटना अपराह्न ढाई बजे के करीब की है। जानकारी के अनुसार रांची के नामकुम निवासी स्वास्थ्य कर्मी राजेश कुमार सिंह एक शादी समारोह में शामिल होने को लेकर अपने एक्सयूबी वाहन से चालक के साथ जा रहे थे। इस दौरान कोडरमा घाटी में उनके वाहन को विपरीत दिशा से आ रही एक ट्रक ने धक्का मार दिया। घटना में पिछली सीट पर बैठे सिंह बुरी तरह से घायल हो गये। उन्हें आसपास के लोगो द्वारा तत्काल सदर अस्पातल लाया गया। जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना में चालक राजू उरांव को मामूली चोटें आई। पुलिस द्वारा छानबीन में मृतक के संबंध में जानकारी मिली कि वे स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत नामकुम में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। मृतक के घर वालों को इस बाबत सूचना दे दी गई है।
घटना में चालक राजू उरांव की जान बच गई। उसे मामूली चोटें आई। उसने बताया कि वह बेल्ट लगाए हुए थे। साथ ही दुर्घटना के दौरान वाहन में लगा एयर बैलून खुल गया। जिससे उसकी जान बच गई। उसने बताया कि काफी तेज रफ्तार से विपरीत दिशा से ट्रक को आता देख उसने वाहन को धीमा कर दिया। इसके बाद भी ट्रक के चालक ने उसके वाहन के बांये हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे उसमें बैठे राजेश कुमार सिंह को काफी चोटें आई। घटना के बाद ट्रक का चालक वाहन के साथ भाग निकला। पुलिस ट्रक की तलाश में जुटी है।