शिक्षा मंत्री ने किया अंबेडकर स्मारक सह पार्क का शिलान्यास
कोडरमा | संविधान निर्माता बाबा साहब डाॅ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित परियोजना बालिका उच्च विद्यालय के समीप डाॅ. भीमराव अंबेडकर स्मारक सह पार्क का शिलान्यास शिक्षा मंत्री डाॅ. नीरा यादव ने किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर की जीवनी भारतवासियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि संविधान के माध्यम से बाबा साहेब अंबेडकर ने भारतीयों को अधिकार व सम्मान दिया है उसके लिए वे सबके दिल में हमेशा रहेंगे। उल्लेखनीय है कि पार्क का निर्माण लगभग 8 लाख की लागत से विधायक निधि से किया जाएगा। मौके पर उपायुक्त भुवनेश प्रताप सिंह, डीडीसी आलोक त्रिवेदी, कार्यपालक दंडाधिकारी संतोष सिंह, नरेश रजक, पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता विनोद कुमार, विधायक प्रतिनिधि संजीव समीर, सुधीर यादव, राजकुमार यादव, बालेश्वर राम आदि मौजूद थे।