पंचायतों में 20 को मनाया जाएगा उज्जवला दिवस
झुमरी तिलैया |ग्राम स्वराज अभियान के तहत पेट्रोलियम मंत्रालय एमओपीएनजी की ओर से 20 अप्रैल को सभी पंचायतों में उज्जवला दिवस मनाया जाएगा। यह जानकारी प्रेसवार्ता के दौरान जिला नोडल पदाधिकारी अविन कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि निर्धारित तिथि को 8 उज्जवला एलपीजी पंचायत लगेगी। प्रत्येक पंचायत में कम से कम 100 लाभुकों को गैस कनेक्शन दिया जाएगा। वहीं इन 8 पंचायतों में 500 महिलाओं को सेफ्टी व इंश्योरेंस कार्ड देकर दुर्घटना से बचने की जानकारी भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि उज्जवला योजना के तहत अब एससी, एसटी, ओबीसी-1 और जंगली क्षेत्र में रहने वाले लोगों को भी गैस कनेक्शन दिया जाएगा और इसके लिए उन्हें परिवार के दो सदस्यों का आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र देना आवश्यक होगा। मौके पर इण्डेन गैस के प्रबंधक हाजी गुलाम जिलानी, एसवी इण्डेन के एजाज अहमद व यशोदा गैस कोडरमा के संचालक मौजूद थे।