प्रत्याशियों के सामने ईवीएम सील करेंगे कर्मी
16 अप्रैल को झुमरीतिलैया नगर पर्षद व डोमचांच नगर पंचायत के विभिन्न पदों के लिए होने वाले चुनाव की तैयारी अंतिम चरण पर है। इसे लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कोषांग में किए जा रहे ईवीएम की सीलिंग कार्य का जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपयुक्त भुवनेश प्रताप सिंह ने जायजा लिया। मौके पर उन्होंने कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी को चुनाव मैदान में खड़े प्रत्याशी के समक्ष ईवीएम सील करने का निर्देश दिया। उन्होंने ईवीएम के बटन को दबाकर देखा। उल्लेखनीय है कि दोनों जगहों पर वोटिंग के लिए 450 ईवीएम मशीन लगाए जाएंगे। इसमें बैलेट यूनिट के अलावा कंट्रोल यूनिट भी शामिल है। इसके अलावा चुनाव कार्य में सेक्टर के अलावा बूथों तक मतदान कर्मियों को पहुंचाने के लिए 50 छोटे-बड़े वाहन लगाए जाएंगे। मतदान कर्मियों के बीच रविवार को जिला मुख्यालय स्थित परियोजना बालिका उच्च विद्यालय के प्रांगण में ईवीएम का बीच वितरण किया जाएगा। डोमचांच नगर पंचायत के सभी बूथों पर पीठासीन पदाधिकारी समेत कुल सात कर्मी तैनात किए जाएंगे। वहीं नगर पर्षद झुमरीतिलैया में एक बूथ पर चार कर्मी प्रतिनियुक्त किये जाएंगे। निष्पक्ष व भय मुक्त मतदान को लेकर प्रशासन द्वारा दोनों जगह के सभी बूथों को अतिसंवेदनशील व संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है।