अधीक्षक के आश्वासन पर जेल में बंद आजसू नेता का अनशन खत्म
अवैध शराब कांड एवं सीसीए एक्ट के मामले में जेल में बंद आजसू नेता संजय यादव द्वारा गुरुवार से जेल के अंदर शुरू किए गए अनशन को प्रभारी जेल अधीक्षक सह एसी प्रवीण गागराई के आश्वासन के बाद शुक्रवार को समाप्त हो गया। मामले में प्रभारी जेल अधीक्षक ने हवलदार को धमकी देने को लेकर दर्ज की गई प्राथमिकी की जांच का आश्वासन दिया है। प्रभारी जेल अधीक्षक ने बताया कि बंदी संजय यादव ने आवेदन देकर कहा है कि उसके ऊपर साजिश के तहत मुकदमा दर्ज की गई है। जबकि इस मामले में मामला दर्ज कराने वाले हवलदार ने एसपी को आवेदन देकर उसके द्वारा धमकी दिये जाने की बात से इनकार किया गया है। उल्लेखनीय है कि जेल के हवलदार अब्दुल माजिद ने जेल में बंद बंदी अनिल यादव व संजय यादव पर जेल के अंदर बाहर से खाना ले जाने पर लगाई गई रोक को लेकर जान मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया गया था। इसमें उसने जेल के वरीय पदाधिकारियों की मिलीभगत से काफी दिनों से खाना पहुंचाए जाने की शिकायत की थी। मगर प्राथमिकी दर्ज कराने के कुछ दिन बाद ही हवलदार दर्ज कराए गए मामले से पलटते हुए इस मामले में नवादा बस्ती निवासी संजय यादव के बजाए उसी नाम के एक दूसरे कैदी के शामिल होने की बात एसपी को दिए आवेदन में कही है।