झुमरी तिलैया | शहर में शनिवार की रात थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर राहगीरों के साथ मारपीट व छिनतई करने का मामला सामने आया है । घटना शनिवार रात 10.30 बजे की बताई गई है। इसे लेकर भुक्तभोगी चित्रगुप्त नगर निवासी राजीव सिंह ने थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। दिए गए आवेदन में सिंह ने बताया कि वे रात घर से निकलकर ट्रेन पकड़ने कोडरमा स्टेशन जा रहे थे। इसी क्रम में सुंदर होटल के निकट मोटरसाइकिल सवार दो युवक आकर अचानक मारपीट करने लगे। अपने बचाव करने के दौरान दो और युवक मोटरसाइकिल से आए और सभी मिलकर मारपीट करते हुए गले से चेन और पर्स में रखा साढ़े तीन हजार रुपए छिनकर भागने लगे। इसमें एक युवक की पहचान अंकुर सिंह विशुनपुर रोड निवासी के रूप में की गई। इस संबंध में तिलैया थाना प्रभारी राजबल्लभ पासवान ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपी युवक की धरपकड़ का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी युवक पुलिस गिरफ्त में होगा।