जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से मंडलकारा की महिला बंदियों व उनके साथ रह रहे बच्चों को प्रशिक्षित करने को लेकर 10 दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत की गई। मौके पर प्राधिकार के सचिव मिथिलेश कुमार सिंह ने महिला बंदियों से मुलाकात कर उनको मंडलकारा द्वारा मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के लिए उपलब्ध चिकित्सा सुविधा, खानपान, खेलकूद की सुविधा के बारे में जेल प्रशासन से पूछताछ की। प्राधिकार के सचिव सिंह ने बताया कि यह प्रशिक्षण 26 मई तक चलेगा। इस कार्यक्रम में महिला बंदियों व उनके साथ रह रहे बच्चों को नि:शुल्क चिकित्सीय सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए टीम का गठन किया गया है। जिसमें अधिवक्ता शिवनंदन कुमार शर्मा, नीरा जायसवाल, शांति कुमारी, झारखंड महिला उत्थान केंद्र की सचिव रेणु वर्णवाल, सदर अस्पताल की चिकित्सा डॉ. फरहाना महफूज, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ममता साह, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी चंडीचरण राय, सहायक कारापाल सुबोध कुमार, जेजे कॉलेज की सहायक प्रोफेसर डॉ. नेहा गुप्ता के नाम शामिल है। कार्यक्रम की सफलता को लेकर शनिवार को टीम के सदस्यों की एक बैठक व्यवहार न्यायालय परिसर में हुई। बैठक की अध्यक्षता प्राधिकार के सचिव मिथिलेश कुमार सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि टीम के सभी सदस्य 20 मई पूर्वाह्न 10 बजे मंडलकारा कोडरमा पहुंचकर कार्यक्रम का आगाज करेंगे।