बंगाल पंचायत चुनाव में हुई हिंसा के विरोध में वामदलों का मार्च
पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव में हिंसा व माकपा सहित विपक्षी दलों के 20 से ज्यादा कार्यकर्ताओं की हत्या के खिलाफ वामदलों ने सोमवार को झुमरी तिलैया शहर में प्रतिवाद मार्च निकाल झंडा चौक पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पुतला फूंका गया। प्रतिवाद मार्च में माकपा, भाकपा व माले के नेताओं व कार्यकर्ता शामिल हुए। इसके पूर्व महाराणा प्रताप चौक से प्रतिवाद मार्च निकाली गई, जो सामंतो पेट्रोल पम्प, पूर्णिमा टॉकिज रोड होते हुए झंडा चौक पहुंच कर सभा में तब्दील हो गई। सभा को संबोधित करते हुए माकपा राज्य सचिव मंडल सदस्य संजय पासवान ने पश्चिम बंगाल के पंचायत चुनावों में लोकतंत्र की हत्या किये जाने की सख्त भर्त्सना करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव में करीब 20 लोगों की हत्या और जघन्य अपराध करके ममता बनर्जी लोकतंत्र की हत्या कर सत्ता पर काबिज रहना चाहती है। सभा को महेन्द्र तुरी, भिखारी राम, अशोक रजक ने भी संबोधित किया। सभा की अध्यक्षता रमेश प्रजापति ने किया। मौके पर नागेश्वर दास, रामचन्द्र राम, रविन्द्र भारती, बीरेंद्र यादव, रोहित दास, जितेंद्र कुमार, भूषण रजक, नागेश्वर प्रसाद, बसंती देवी, सुनीता देवी सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।