रजरप्पा से बिहारशरीफ जा रही बस घाटी में पलटी, महिला की मौत, 45 घायल
कोडरमा घाटी के नौवा माइल के पास सोमवार की रात यात्रियों से भरी बाबा बस के अनियंत्रित होकर पलट जाने के कारण उसपर एक महिला की दबकर मौत हो गई, जबकि 45 से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में 16 को गंभीर चोटें आई। इसमें सात का सदर अस्पताल में इलाज के बाद गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिये रिम्स रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस रजरप्पा से बिहार शरीफ जा रही थी। उसपर सवार लोग बिहार शरीफ के राणा बिगहा निवासी बताए गए है। जो गांव के ही दिनेश प्रसाद के पुत्र के जॉब लगने की खुशी में पूजा अर्चना के लिए रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका के मंदिर में दर्शन को गये थे। वहां से लौटने के दौरान रात 10.15 बजे को कोडरमा घाटी में गाड़ी चालक के वाहन से नियंत्रण खाे देने के कारण घाटी स्थित नौवा माइल के पास सड़क किनारे पलट गई। बस के पलटने के कारण कुछ यात्री बस के नीचे दब गये। इनमें एक महिला शांति देवी उम्र 60 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनके पति रामजी प्रसाद घायल हो गये। दुर्घटना की खबर मिलने के बाद प्रभारी थाना प्रभारी कन्हाई सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर उलटे बस को क्रेन की मदद से खड़ा किया। साथ ही उसमें दबे यात्रियों सहित घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। बस के पलटने के कारण मौके पर अफरा तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। घटना में एक महिला यात्री का एक हाथ पूरी तरह से कट गई थी। जिसे पुलिस की मदद से बस से सुरक्षित बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया। घटना में घायल यात्रियों का हाल-हाल लेने जिले के एसपी शिवानी तिवारी भी अस्पताल पहुंची।