कोल्ड ड्रिंक से भरा एक पिकअप वैन पलटा, लूट कर ले गए ग्रामीण
कोडरमा-गिरिडीह रोड के जमुनियाटांड़ के समीप हुई सड़क दुर्घटना
भास्कर न्यूज | मरकच्चाे
नवलशाही थाना क्षेत्र के कोडरमा-गिरिडीह मुख्यमार्ग पर जमुनियां टांड़ के समीप सोमवार रात नौ बजे कोल्ड ड्रिंक से भरा एक पिकअप वैन पलट गई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में कोल्ड ड्रिंक लुटने की होड़ मची गई। देखते ही देखते हजारों रुपए के कोल्ड ड्रिंक ग्रामीण ले भागे। घटना में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पिकअप वैन झुमरीतिलैया से आ रही थी। इसी बीच नवलशाही के जमुनियां टांड के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात हाइवा ने चालक को चकमा दे दिया। इससे चालक ने नियंत्रण खो दिया और पिकअप वैन सड़क पर अनियंत्रित हो कर पलट गई। घटना के बाद सड़क पर प्लास्टिक के बॉटल में भरा स्प्राइट व अन्य कोल्ड ड्रिंक की बोतलें बिखर गईं। फिर क्या देखना आसपास के लोग वहां पहुंचे और बिखरे हुए कोल्ड ड्रिंक से भरा बोतल को गाड़ी के डिक्की में तो कोई दोनों हाथों में भरकर चलते बने। साप्ताहिक बाजार होने के कारण वापस घर लौटते लोगों ने भी मौके का खूब फायदा उठाया। सूचना पाकर पहुंचें थाना प्रभारी शाहिद रजा व अन्य पुलिस बल के जवानों ने लोगों को खदेड़ कर भगाया गया। पुलिस ने घायल चालक को उसके परिजनों को सुपुर्द कर इलाज के लिए भेज दिया।