लंबे समय से चल रहे प्रयास के बाद अब कोडरमा मेडिकल कॉलेज का सपना साकार होगा। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताते हुए सांसद डाॅ. रवींद्र राय ने कहा कि मेडिकल कॉलेज कोडरमा लोकसभा क्षेत्र की जनता को बड़ी सौगात मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से सभी तकनीकी अड़चन दूर हो गई है। 25 मई को धनबाद दौरे के क्रम में प्रधानमंत्री मेडिकल कॉलेज सहित सिंदरी कारखाना, पतरातू थर्मल सहित अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। सांसद राय बुधवार की देर शाम पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में प्रेस प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एनजीटी के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा क्रशरों को बंद करने को लेकर कोहराम मचाया गया, जो व्यवहारिक नहीं है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री से वार्ता की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन व्यवसायियों पर कानून लागू अवश्य करे पर वैर भाव नहीं रखे। व्यवहारिक रास्ता निकाला जाए। सांसद ने क्रशर व्यवसायियों से आम जनता की भावना का कद्र करने की भी सलाह दी। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष रामचंद्र सिंह, नगर पर्षद के अध्यक्ष प्रकाश राम, डॉ. नरेश पंडित सहित अन्य मौजूद थे।