प्रखंड अंतर्गत सलैयडीह स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के छात्रों द्वारा राष्ट्रीय मानवाधिकार के समक्ष की गई शिकायत पर शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव द्वारा गठित टीम द्वारा शुक्रवार को विद्यालय पहुंच कर मामले की जांच की गई।
टीम में विभाग के संयुक्त सचिव सुचित्रा सिन्हा, क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक रतन कुमार सिंह के अलावा दंडाधिकारी नरेश रजक शामिल थे। जांच के दौरान छात्रों के कई शिकायतों को सही पाया गया। हालांकि जांच पदाधिकारी द्वारा पूरी रिपोर्ट प्रधान सचिव को दिये जाने की बात कह कुछ भी बताने से इंकार किया। उल्लेखनीय रहे कि विद्यालय के छात्रों द्वारा स्कूल में एमडीएम बंद रहने, आईडी कार्ड के नाम पर पैसा लिये जाने, कंम्प्यूटर शिक्षा नहीं दिये जाने, गणित का शिक्षक नहीं होने के संबंध में आयोग को आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान स्कूल के सभी शिक्षक, छात्र, उनके अभिभावक के अलावा एमएमसी के सभी सदस्य उपस्थित थे।