समाहरणालय कक्ष में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त भुवनेश प्रताप सिंह ने लोगों की समस्याएं सुनी। जनता दरबार में आए मामलो पर गंभीरता पूर्वक विचार करते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। जनता दरबार में शोभा देवी ने अपने पति शिक्षक सुरेंद्र नाथ साहू पर दूसरी शादी करने की शिकायत की। उन्होंने पति के संपत्ति पर अधिकार दिलाने की गुहार लगाई।
वहीं दिव्यांग शिवकुमार यादव ने रोजगार की व्यवस्था की मांग की। चुटियारो की ललिता देवी ने विधवा पेंशन एवं लाल कार्ड के लिए आवेदन दिया। शिक्षिका निलिमा पुरुषोत्तम ने गृह जिला हजारीबाग में स्थानांतरण करने, स्वयं सेवक पप्पू सोनी ने जयनगर पश्चिमी क्षेत्र में नाली का पानी सड़क पर बहाने, चिंतामन भुइयां ने घर के समीप बनाए गए सुअर के मांद हटाने की गुहार लगाई। मौके पर कार्यपालक दंडाधिकारी नरेश रजक के अलावा जितेंद्र कुमार, दिनेश कुमार आदि मौजूद थे।