जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से मंडल कारा की महिला बंदियों और उनके साथ रह रहे बच्चों को प्रशिक्षित करने के लिए दस दिवसीय कार्यक्रम की शुरूआत सोमवार को की गई।
कार्यक्रम को लेकर प्राधिकार के सचिव मिथिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम के सदस्यों ने एक कैंपेन के तहत मंडल कारा जा कर महिला बंदियों से मुलाकात की और मंडल कारा में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। वहीं टीम ने साथ रह रहे बच्चों के लिए उपलब्ध चिकित्सा सुविधा ,खान -पान, खेल -कूद की सुविधा के बारे में जेल प्रशासन से पूछताछ की। मौके पर प्राधिकार के सचिव सिंह ने महिला बंदियोंं के स्वच्छता ,शौचालय व अन्य उपलब्ध सुविधाओं का मुआयना किया।
0सचिव ने कारापाल से दवा उपलब्ध कराने, महिला बंदियो का साक्षर बनाने के लिए महिला शिक्षिका प्रतिनियुक्ति कराने, पेयजल के लिए जेल मे लगे आरओ मशीन को ठीक कराने, महिला के साथ रह रहे बच्चे के खेलने के लिए अलग कमरे व पर्याप्त खिलौने उपलब्ध कराने और बच्चे को सदर अस्पताल ले जाकर शिशु रोग विशेषज्ञ से न्यूट्रीशन चाट बनवाने तथा टीका लगवाने का निर्देश दिया। सचिव ने बताया कि यह प्रशिक्षण 26 मई तक चलेगा। महिलाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की जाएगी। मौके पर न्यायिक दण्डाधिकारी प्रथम श्रेणी कमलेश बेहरा, सहायक जेलर सुबोध कुमार , शिशु रोग विशेषज्ञ डा. भारती सिन्हा, अधिवक्ता शिवनंदन कुमार शर्मा, नीरा जायसवाल, शांति कुमारी, राजेश्वर प्रसाद सिंह , झारखण्ड महिला उत्थान केन्द्र की सचिव रेणु वर्णवाल, डा. फरहाना महफूज, न्यायालयकर्मी रणजीत कुमार सिंह, सुभाष कुमार, हरमेन्द्र प्रताप सिंह ,जेल कर्मी राजेश कुमार, राजीव रंजन सहित अन्य लोग मौजूद थे।