क्रशरों पर टास्क फोर्स की कार्रवाई के विरोध में भाजपा का धरना 19 मई को
झुमरीतिलैया | भाजपा जिला कमेटी की बैठक बुधवार को सांसद बहुद्देशीय भवन में हुई। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों के अलावा प्रखंड व बीससूत्री अध्यक्षों और सांसद प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने कहा कि जिला टास्क फोर्स की ओर से डोमचांच व चंदवारा के बंद पड़े क्रशर को क्षतिग्रस्त करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि टास्क फोर्स द्वारा पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर भाजपा समर्थित क्रशर संचालकों का क्रशर को ध्वस्त किया है, इसका मुख्य कारण भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कुछ कतिपय अधिकारियों के क्रियाकलाप का हमेशा विरोध करना रहा है। उन्होंने कहा कि 19 मई को जिला मुख्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना कार्यक्रम के माध्यम से टास्क फोर्स की टीम का विरोध किया जाएगा। मौके पर राष्ट्रीय परिषद सदस्य रमेश सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रवि मोदी मौजूद थे। बैठक में पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा का जिला सम्मेलन आगामी 2 जून को बरकट्ठा विधानसभा व 10 जून को कोडरमा विधानसभा का सम्मेलन करने का निर्णय लिया गया। मौके पर मोर्चा के जिलाध्यक्ष धीरज कुमार ने सभी प्रखंडों में बैठक कर कार्यक्रम को सफल बनाने की बात कही। मौके पर महामंत्री नीतेश चंद्रवंशी, वासुदेव शर्मा, वासुदेव धोबी, सुरेश यादव, अज्जू सिंह, विक्रम सिंह परिमल, वसंत मेहता अादि मौजूद थे।