लापता बच्ची की तलाश में राजधनवार पहुंची जीआरपी ने नाबालिग को किया बरामद
करीब छह माह पूर्व कोडरमा स्टेशन परिसर से लापता हुई एक नाबालिग बच्ची की तलाश में पहुंची जीआरपी पुलिस ने एक अन्य नाबालिग को राजधनवार के एकडहर गांव से बरामद किया है।
7 वर्षीय नाबालिग को फिलहाल चाइल्डलाइन के संरक्षण में रखा गया है, जिसे गुरुवार को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इस मामले में जीआरपी पुलिस संदिग्ध महिला से पूछताछ कर रही है। मालूम हो कि जीआरपी मंगलवार को ही राजधनवार में एकडहर गांव की महिला चरकी मसोमात को हिरासत में लिया है। जानकारी अनुसार जुलाई 2017 में जलवाबाद की एक नाबालिग स्टेशन परिसर से गायब हो गई थी, जिसका मामला जीआरपी में दर्ज है। गुप्त सूचना के आधार पर राजधनवार पहुंची जीआरपी को एकडहर गांव में एक अन्य नाबालिग के होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद जीआरपी चरकी मसोमात एवं नाबालिग को अपने साथ थाना ले आई। हिरासत में ली गई संदिग्ध महिला नाबालिग के माता-पिता व उसका ठिकाना बताने असमर्थ है।
संदिग्ध महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पड़ोस में किराया पर रहने वाली चौपारण की एक महिला ने उसे अपनी नाबालिग पुत्री की देखरेख करने के लिए दिया है। वह गत 4 वर्ष से नाबालिग की लालन पालन कर रही है। संदिग्ध महिला ने यह भी बताया कि नाबालिग के पिता का देहांत हो चूका है और उसकी मां दूसरी शादी कर दिल्ली चली गई है।