बकाया मानदेय के लिए सेविकाओं ने किया प्रदर्शन
झारखंड राज्य आंगनबाड़ी सेविका सहायिका संघ व झारखंड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन के संयुक्त बैनर तले राज्य सरकार के वादा खिलाफी के विरोध सहित 17 सूत्री मांगो को लेकर बुधवार को उपायुक्त कार्यालय पर सेविका सहायिका व पोषण सखी ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के पूर्व कोडरमा बाजार से जुलूस निकाला गई। प्रदर्शन के बाद समाहरणालय परिसर में सभा की गई।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता सीटू राज्य कमेटी सदस्य संजय पासवान ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार झूठी है। उन्होंने कहा कि सेविका सहायिका को न्यूनतम मजदूरी भी नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार सेविका सहायिकाओं से किए गए वादों को शीघ्र पूरा करे। वहीं जिप सदस्य महादेव राम ने कहा कि समान काम का समान वेतन नहींं देकर कोर्ट के आदेश का उल्लंघन सरकार कर रही है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष मीरा देवी व सचिव पूर्णिमा राय ने कहा कि छह माह से पोषाहार और मानदेय नही देने के कारण जिला में कुपोषण बढ़ रहा है, जिसके लिए जिला प्रशासन जिम्मेवार है। सभा को रमेश प्रजापति, प्रकाश रजक, दामोदर यादव, परवेज आलम, सरिता रानी, चिंतामणि देवी, मंजू मेहता, वर्षा रानी, अंबिका सहाय आदि ने भी संबोधित किया। सभा के बाद पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मिलकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
क्या है मांग : 17 सूत्री मांग पत्र में छ: माह से बकाया पोषाहार व मानदेय भुगतान शीघ्र करने, पोषण सखी का बकाया मानदेय देने, पोषाहार की राशि में कटौती बंद करने, आंगनबाड़ी केन्द्रों में चावल नियमित देने, एससी, एसटी आंगनबाड़ी केन्द्रों का वर्ष 2011- 2012 का चार माह का बकाया पोषाहार राशि अविलंब देने, रेडी टू ईट पैकेट केंद्रों तक पहुंचाने, निजी मकानों में चल रहे केन्द्रों का मकान भाड़ा देने आदि मांगे शामिल है।