महिलाओं के सहयोग से ही खत्म होंगी कुरीतियां
कोलेबिरा प्रखंड के सरंगापानी में ग्राम स्वराज अभियान के तहत बुधवार को स्वच्छ भारत दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि डीसी जटाशंकर चौधरी ने कहा कि सामाजिक कुरीतियों को महिलाओं के सहयोग से खत्म किया जा सकता है। डायन-बिसाही अंधविश्वास, कुप्रथाओं और नशापान की समस्या को मिलजुलकर समाप्त करना है। इन कुरीतियों को दूर करने के लिए महिलाएं आगे आएं। उन्होंने कहा कि जिले में 14 अप्रैल से पांच मई तक ग्राम स्वराज अभियान चल रहा है। 14 अप्रैल को सामाजिक न्याय दिवस की शुरुआत सरंगापानी से ही हुई थी। स्वच्छ भारत दिवस यहीं मनाया जा रहा है। जिले की सभी पंचायतों में स्वच्छ भारत दिवस का आयोजन हो रहा है।
जिले के लोगों ने स्वच्छ भारत मिशन में इतिहास रचा है और महिलाओं तथा रानी मिस्त्रियों ने अभियान में उल्लेखनीय कार्य कर देश में इलाके का नाम रोशन किया है। यह सफलता महिलाओं की मेहनत और इच्छा शक्ति की बदौलत हासिल हुआ है। शौचालयों का निर्माण कर महिलाओं ने अपने सम्मान की रक्षा करने का कार्य भी किया है। इससे दूसरे जिलों को भी प्रेरणा मिल रही है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी मयंक भूषण ने उज्जवला योजना पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर ग्रामीणों ने अधिकारियों को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। कार्यक्रम में डीडब्ल्यूएसडी विभाग के कार्यपालक अभियंता पंडित मारकंडेय, श्रम अधीक्षक बबन सिंह, बीडीओ, सीओ व अन्य अधिकारी मौजूद थे।
बहन-बेटियों को दलालों के हाथों में नहीं जाने दें
डीसी ने मानव तस्करी की समस्या पर कहा कि महिलाएं इस बात का प्रण लें कि अपने गांव की किसी बहन-बेटी को दलालों के साथ नहीं जाने देंगे। उन्होंने पलायन तथा अंधविश्वास पर भी प्रकाश डाला। सौभाग्य योजना के तहत सभी घरों में बिजली बहाल किए जाने पर कार्य किए जाने की भी बात कही। इस मौके पर अवर सचिव दिलीप कुमार ने स्वच्छ परिवेश, स्वच्छ शरीर और स्वच्छ परिवार की चर्चा की। खुले में शौच से होने वाली बीमारियों के बारे भी लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने अधिकारियों के साथ मिलकर स्वच्छता की शपथ ली।