गांवों में कैंप लगाकर लोगों को बिजली कनेक्शन दें ईई
ग्राम स्वराज अभियान को सफल बनाने को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय में बैठक हुई। बैठक में डीसी ने कहा कि डॉक्टर भीमराव आंबेडकर साहब की जयंती पर 14 अप्रैल को सामाजिक न्याय दिवस का आयोजन कोलेबिरा के सरंगापानी गांव में किया जाएगा।
डीसी ने कहा कि जिला व प्रखंड स्तर पर भी सामाजिक न्याय दिवस के रूप में कार्यक्रम होंगे। विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को जिले के छह प्रखंडों में कैंप लगाकर प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना के तहत अधिक से अधिक घरों में बिजली कनेक्शन देने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल को स्वच्छ भारत दिवस का आयोजन करने का निर्देश दिया गया। इस दिन रात्रि चौपाल, स्वच्छता रैली सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। 20 अप्रैल को उज्जवला दिवस, पंचायत, प्रखंड व जिला स्तर पर आयोजित करने को कहा गया। 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस मनाया जाएगा। इस दिन जो भी पंचायत बेहतर कार्य करेंगे उन्हें दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार तथा बेहतर कार्य करने वाले ग्रामसभा को नाना जी देशमुख राष्ट्रीय गौरव ग्रामसभा पुरस्कार प्रधानमंत्री के हाथों दिया जाएगा। इधर पीएम नरेंद्र मोदी से सम्मानित होकर वापस लौटे बांसजोर प्रखंड के स्वेच्छा ग्राही मोरिश जड़िया को जिला प्रशासन ने बुके देकर सम्मानित किया। बांसजोर की कोंबाकेरा पंचायत के बोंगेरा की मोरिश जड़िया ने बांसजोर को ओडीएफ बनाने की दिशा में बेहतर कार्य किया है।
मंथन
ग्राम स्वराज अभियान कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए डीसी ने समाहरणालय में की अधिकारियों संग बैठक
बेहतर काम करने वालों को दिया जाएगा पुरस्कार
डीसी ने कहा कि प्रखंड व पंचायत स्तर पर बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को पुरस्कार देने के लिए चिह्नित किया जाएगा। जिन्हें 30 अप्रैल को आयुष्मान भारत दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। बैठक में कहा गया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए डीडीसी आपसी समन्वय बनाकर मॉनिटरिंग करेंगे। इसके लिए समिति गठित की गई। जिसमें अपर समाहर्ता, डीआरडीए निदेशक, सिविल सर्जन, पीएचईडी के ईई, डीएसओ, डीएओ, आत्मा के निदेशक, डीपीआरओ व एलडीएम सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे। बैठक में कई अधिकारी मौजूद थे।