कोलेबिरा में कैंप लगाकर दिया जाएगा गैस कनेक्शन
प्रखंडके सरंगापानी गांव में डा. आंबेडकर की जयंती के अवसर पर सामाजिक न्याय दिवस कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में एसडीओ जगबंधु महथा, एसडीपीओ अमित कुमार, डीएसओ मयंक भूषण, बीडीओ अजय भगत, सीओ प्रताप मिंज, जिप सदस्य फुल कुमारी समद मौजूद थे। एसडीओ ने बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाने पर जोर दिया। वहीं डीएसओ ने बाबा साहब को नमन करते हुए उज्जवला योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 20 अप्रैल काे कोलेबिरा में कैंप का आयोजन कर 113 लोगों को गैस कनेक्शन दिया जाएगा। सीओ प्रताप मिंज ने कहा कि विधवा और वृद्धा पेंशन से वंचित लोग आवेदन पत्र जमा करें। उन्हें एक सप्ताह के अंदर लाभ दिया जाएगा।
जेएनवी में याद किए गए डा. आंबेडकर
कोलेबिरा के जवाहर नवोदय विद्यालय में प्राचार्य चंदन बागीश ने बाबा साहब की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे बाबा साहब की जीवनी से प्रेरणा लें। छात्रा दीक्षित कुमारी ने भी बाबा साहब की जीवनी पर प्रकाश डाला। इस मौके पर नमिता कुमारी, डा. सुमन कुमार सिंह, दीपांकर हलधर, संतोष कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक शिक्षकेतर कर्मी मौजूद थे।
कुरडेग में पदाधिकारियों ने देखा पीएम का कार्यक्रम
कुरडेग प्रखंड कार्यालय के सभागार में बीडीओ संजय कुमार बाखला और सीओ नीत निखिल सुरीन ने बाबा साहब को श्रद्धा सुमन अर्पित किया। बीडीओ ने कहा कि बाबा साहब जैसे महापुरुषों ने देश का भविष्य गढ़ने का काम किया है। मौके पर पदाधिकारियों और कर्मियों ने बाबा साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का अवलोकन किया गया। मुखिया मंजू तिर्की, एलईओ कमला कुमारी, बीईईओ कारलुस सोरेंग, नाजिर अशोक केरकेट्टा, अशोक बड़ाईक सहित कई महिलाएं मौजूद थीं।