किताबी के साथ व्यावहारिक ज्ञान भी जरूरी
प्रखंड मुख्यालय स्थित एसके बागे कॉलेज में मंगलवार को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन कर छात्र-छात्राओं को एकेडमिक करियर की जानकारी दी गई। झारखंड र| से सम्मानित उत्प्रेरक आरबी सहाय ने छात्र-छात्राओं को जीवन में सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित करते हुए कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी।
उन्होंने कहा कि मनुष्य में असीमित क्षमता है लेकिन वह कई बार परिस्थितियों के आगे घुटने टेक देता है, संघर्ष नहीं करता है इस कारण वह जीवन में सफल नहीं हो पाता है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने जीवन के स्वर्णिम दौर से गुजर रहे हैं इस दौर में वे अपने जीवन को जिधर मोड़ेंगे उनका भविष्य वैसा ही होगा। उन्होंने एकेडमिक करियर के साथ व्यवहारिक जीवन में भी सफल होने की बात कही। कहा कि किताबों में ज्ञान है लेकिन इसके साथ ही व्यक्ति में व्यावहारिक ज्ञान का होना भी बहुत जरूरी है। कई बार ऊंची डिग्री हासिल करने वाले लोग भी व्यावहारिक ज्ञान के अभाव में उतने सफल नहीं हो पाते हैं। कार्यशाला में सेंटर हेड मनु कुमार, कॉलेज के प्राचार्य प्रो. तुलसी प्रसाद साहू, प्रो. अनूप कुमार गुप्ता, प्रो. संजय प्रसाद, रीना जया कुमारी, रश्मि शर्मा सहित शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मी मौजूद थे।