कोंडागांव| अचानक लेबर पेन के चलते एक महिला की डिलीवरी महतारी एक्सप्रेस के चालक और ईएमटी ने जंगल में ही करवा दी। इसके बाद महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां अभी जच्चा और बच्च दोनों खतरे से बाहर हैं। कोंडागांव जिले के सदाड़ी गांव के आश्रित टेमरूपारा की की रहने वाली 25 वर्षीय समीना को शनिवार को प्रसव पीड़ा हुई। घर वालों ने 102 नंबर पर फोन लगाकर महतारी एक्सप्रेस को सूचना दी। सूचना मिलने पर एम्बुलेंस लेकर चालक भरत और ईएमटी खेमराज साहू गांव पहुंचे जहां ग्रामीणों ने बताया टेमरूपारा में गाड़ी नहीं पहुंच सकती।
घर से एंबुलेंस तक डोला में लाया गया गर्भवती को
खतरे को भांपते हुए ईएमटी और चालक पैदल ही महिला के घर पर पहुंचे और उसके परिजनों के सहयोग से उसे डोला में बिठाकर एंबुलेंस की तरफ लाने लगे। दो किमी की दूरी तय ही की थी कि रास्ते में महिला को लेबर पेन होने लगा। खतरे की आशंका को देखते हुए चालक और ईएमटी ने परिजनों की रजामंदी के बाद जंगल में ही महिला की डिलीवरी करवाई। इसके कुछ देर बाद महिला और उसके बच्चे को डोले में बिठाकर एंबुलेंस तक ले आए । इसके बाद बड़ेडोंगर के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जहां दोनों की हालत अभी खतरे से बाहर है।