रमन सिंह ने मांगा जनता से आशीर्वाद कहा-मैं आपकी सेवा के लिए आया हूं
फरसगांव. नगर पंचायत में आयोजित सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
भास्कर न्यूज | फरसगांव
फरसगांव ब्लाक मुख्यालय में सोमवार की दोपहर सवा तीन बजे डॉक्टर रमन सिंह विकासयात्रा के तीसरे दिन स्वागत कार्यक्रम में पहुंचे। बाजार दिन होने के कारण फरसगांव के स्टेडियम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मैं आप सभी जनता का आशीर्वाद लेने के लिए फरसगांव आया हूं । मैंने मां दंतेश्वरी का आशीर्वाद लेकर विकास यात्रा दंतेवाड़ा से प्रारंभ की है। आप सभी प्रधानमंत्री आवास योजना , उज्ज्वला योजना , सहित अन्य योजनाओं का लाभ उठाकर मुझे अपना आशीर्वाद दें।
उन्होंने कहा कि इसके पूर्व भी मैं आशीर्वाद लेने के लिए फरसगांव की जनता के बीच आ चुका हूं । आप सभी 2018 में होने वाले चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को अपना आशीर्वाद प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि आप मुझे अपना बेटा व भाई समझकर आशीर्वाद दें और एक बार फिर से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प लेकर घर जाएं। कार्यक्रम के पश्चात सीएम सड़क मार्ग से केशकाल की ओर रवाना हो गए।
इस दौरान उनके साथ जिले के प्रभारी मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय , राजेश मूणत, सांसद विक्रम उसेंडी ,प्रवीण सिंह बदेशा , मनोज जैन , लता उसेंडी , झाड़ीराम सलाम, गणेश , तुलसीराम साहू आदि थे।
सीएम ने कोंडागांव के विभिन्न समाजों को दी भवनों की सौगात
कोंडागांव। शहर में विकास यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से विभिन्न समाजों के समाज प्रमुखों ने नान अध्यक्ष लता उसेंडी के नेतृत्व में मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने मुस्लिम समाज, सिख समाज, साहू समाज, ब्राम्हण समाज, भोजपुरी समाज,गोंडवाना समाज, मानिकपुरी समाज बंगाली समाज को सामाजिक भवनों के लिए 10-10 लाख रुपए दिए। जिस पर सभी समाजों ने मुख्यमंत्री और नान अध्यक्ष लता उसेंडी का आभार माना और विकास यात्रा के लिए बधाई दी।