दोना में धान भर पूजा, अच्छे उत्पादन की कामना
भास्कर न्यूज | कोपरा/कौंदकेरा/ नवापारा
अंचल में बुधवार को अक्षय तृतीया का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर किसानों ने गांव के ठाकुरदेव में दोना में धान भरकर पूजा कर अगले खरीफ सीजन में अच्छे उत्पादन की कामना की।
इसके बाद किसानों के एकत्र धान को ग्राम के पुरोहित व बैगा द्वारा पूजा अर्चना कर वापस किसानों को बांटा। इसके बाद किसानों ने पंडित के बताए अनुसार अपने खेतों में ले जाकर इस धान का छिड़काव किया। वहीं ग्रामीण अंचल में छोटे-छोटे बच्चों ने गुड्डा-गुड़ियों का विवाह रचाया।
बच्चों ने इस विवाह में गुड्डे का नाम प्रणय तथा गुड़िया का नाम प्रिया रखा था। बच्चों के इस अनोखे विवाह आयोजन में गुड़ियों की माता बनी ग्राम की प्रथम नागरिक सरपंच डॉ. डाली साहू ने कन्यादान किया। उपस्थित ग्रामीण महिलाओं ने नेग स्वरूप टिकावन भेंट किया। कार्यक्रम में जानवी साहू, नमू साहू, विभा तारक, श्रेया साहू, आदित्य साहू, भूमि ठाकुर जुटे हुए थे।
परंपरा
अंचल में अक्षय तृतीया पर बच्चों ने गुड्डे-गुड़ियों का धूमधाम से विवाह रचाया
कोपरा/कौंदकेरा/ नवापारा. अक्ती पर गुड़डे-गुिड़यों की शादी कराती महिलाएं।
पूरे रीति-रिवाज के साथ गुड्डे-गुड़ियों का विवाह कराया
ओटगन (सिमगा)| अक्षय तृतीया अक्ती का पर्व नगर एवं अंचल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। आज के दिन छोटे-छोटे बच्चों ने गुड्डे-गुड़ियों का विवाह रचाने की परंपरा निभाई। विवाह के संपूर्ण विधि के साथ बच्चे के साथ बड़ों ने भी उत्साह से हिस्सा लिया।
ओटगन (सिमगा). अक्षय तृतीया की पूजा करतीं हुईं महिलाएं।