कोरर| ग्राम पंचायत हेटारकसा में 15 दिनों से ग्रामवासी बिजली की आंख मिचौली ओर वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे है। गांव में 7 मई को अचानक हाईवोल्टेज के चलते कई घरों के बिजली उपकरण सहित टीवी,कूलर आदि जल गए। नुकसान से परेशान होकर कृष्णकुमार गंजीर सहित ग्रामीणों ने कोरर सब स्टेशन में शिकायत की गई, लेकिन इसके बाद भी अब तक कोई सुधार नहीं किया गया। शनिवार को एक बार फिर हाईवोल्टेज के चलते कई ग्रामीणों को बिजली उपकरण खराब हो गए।
इसमें 1 टीवी, 6 रिसीवर, 10 नग टुल्लू पंप, 5 कूलर खराब हो गए। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को कोरर सब स्टेशन का आकर घेराव किया। ग्रामीणों ने जल्द व्यवस्था नहीं सुधारने पर उग्र प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। ग्रामीण लिलेश्वर साहू, तुलसी साहू, भुवनलाल साहू, नितिन गौतम ने कहा कई शिकायतों के बाद भी विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी समस्या हल करने कोई ध्यान नहीं देते। पिछले पखवाड़े भर से वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। हर बार सब स्टेशन में शिकायत करते हैं, लेकिन सिर्फ आश्वासन दिया जाता है। इसके चलते उन्हें हजारों रुपए का नुकसान उठाना पड़ रहा है।