- Hindi News
- National
- हायर सेकंडरी स्कूल के 3 कमरों में शुरू होगा जटगा काॅलेज, कटघोरा के प्रोफेसर पढ़ाएंगे
हायर सेकंडरी स्कूल के 3 कमरों में शुरू होगा जटगा काॅलेज, कटघोरा के प्रोफेसर पढ़ाएंगे
पोड़ी उपरोड़ा ब्लाक के जटगा में नए सत्र से कालेज खोलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य शासन ने कालेज का प्रावधान बजट में किया है। फंड की मंजूरी के साथ ही सेटअप भी जारी हो गया है। लेकिन प्रोफेसरों की पदस्थापना नहीं करने के कारण कटघोरा कालेज के प्रोफेसर ही बच्चों को पढ़ाएंगे। सेटअप के अनुसार एक प्राचार्य के साथ 9 प्रोफेसरों की सेवाएं ली जाएंगी। एक बाबू, एक लैब टेक्नीशियन तो 1 भृत्य की पदस्थापना होनी है। इससे न केवल कटघोरा कॉलेज के छात्रों की वरन जटगा में एडमिशन लेने वाले छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित होगी।
राज्य सरकार की इस घोषणा से पोड़ी उपरोड़ा ब्लाक में पहली बार कॉलेज खोलने का रास्ता साफ हुआ है। पहला सत्र 2018-19 में शुरू करना है। इसके लिए 1 जून से एडमिशन की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। यहां कॉलेज शुरू करने की पहल बगैर शैक्षणिक व अशैक्षणिक स्टाफ के होने जा रही है। कॉलेज शुरू करने प्रारंभिक तौर पर किन जरूरतों को पूरा करना जरुरी है इसकी संभावनाएं तलाशने शुक्रवार को एक टीम जटगा पहुंची थी। टीम के संयोजक लीड कॉलेज के प्राचार्य डॉ.आरके सक्सेना, सदस्य शासकीय पं.मुकुटुधर पाण्डेय कॉलेज कटघोरा के प्राचार्य डॉ.सतीश अग्रवाल व शासकीय कॉलेज करतला के प्राचार्य एलएन कंवर थे।
लगेंगी बीए, बीकॉम व बीएससी प्रथम वर्ष की कक्षाएं, कटघोरा में बायो के प्रोफेसर ही नहीं
गुरसिया रोड पर 16 एकड़ जमीन है चिन्हित
ग्राम पंचायत जटगा की ओर से गुरसिया रोड पर 16 एकड़ जमीन कॉलेज भवन के लिए चिन्हित की गई है। जिसकी पुष्टि वहां के पटवारी ने भी बैठक में टीम मेंबर को नक्शा दिखाते हुए की। टीम की मानें तो जटगा के लोग भी जितनी जल्दी हो सके उतनी जल्दी कॉलेज शुरू करने के पक्ष में हैं। इसके लिए उन्होंने पहले से ही तैयारी कर रखी है।
स्कूल भवन के चार कमराें का होगा उपयोग
शासकीय कॉलेज जटगा का संचालन हायर सेकेंडरी स्कूल जटगा के 4 कक्ष में होगा। इसके लिए स्कूल के प्राचार्य, सरपंच व प्रतिनिधियों ने सहमति दे दी है। जिसमें से 3 कमरों में आर्ट, कामर्स व साइंस प्रथम वर्ष की कक्षाएं लगेंगी तो चौथा कमरा आफिस उपयोग के लिए होगा। प्राचार्य, स्टाफ सभी उसका उपयोग कर सकेंगे।
मंगलवार को भेजा जाएगा प्रस्ताव
लीड कॉलेज के प्राचार्य डॉ.आरके सक्सेना ने बताया कि शुक्रवार को बैठक लेकर वहां उपलब्ध संसाधनों के साथ होने वाली व्यवस्थाओं को लेकर एक प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। जिसे मंगलवार को राज्य शासन के उच्च शिक्षा विभाग को भेज दिया जाएगा। मंजूरी मिलते ही इसी सत्र से जटगा में कॉलेज संचालन शुरू हो जाएगा।
हायर सेकेंडरी स्कूल जटगा जहां लगेगी क्लास।
1600 छात्रों की पढ़ाई होगी प्रभावित
प्रारंभ में जटगा के लिए नजदीकी कॉलेज के प्रोफेसरों की सेवाएं ली जानी हैं। इसके लिए टीम भी कटघोरा कॉलेज को उचित मान रही है। लेकिन यहां 1600 बच्चे अध्ययनरत हैं। यहां 15 के सेटअप में 12 नियमित प्रोफेसर हैं। बायोग्रुप के एक भी प्रोफेसर नहीं हैं। 12 में अर्थशास्त्र के दो प्रोफेसर हैं। कार्यालयीन काम करने के लिए रेगुलर स्टाफ नहीं है।
पांचों ब्लाकों में सबसे ज्यादा स्कूल
पोड़ी-उपरोड़ा ब्लाक के 191 ग्राम पंचायतों की आबादी 2 लाख 4 हजार 447 है। जटगा में कॉलेज खुलने से 50 ग्राम पंचायतों के बच्चों को लाभ मिल पाएगा। शेष पंचायतों के लिए कोरबी चोटिया में कॉलेज खोलने का प्रस्ताव है। यहां 402 प्राइमरी, 140 मिडिल, 24 हाई तो 18 हायर सेकेंडरी स्कूल हैं।
शासन के आदेश का पालन करेंगे : अग्रवाल
शासकीय पं.मुकुटधर पाण्डेय कॉलेज कटघोरा के प्राचार्य डॉ.सतीश अग्रवाल ने कहा कि जटगा से नजदीक होेने के कारण जिम्मेदारी अधिक होगी। वे आदेश का पालन करेंगे। यहां के प्रोफेसरों को वहां सेवा देनी होगी। इसके लिए प्रस्ताव बनाने कहा गया है। जिसे सोमवार को टीम संयोजक डॉ.सक्सेना को सौंप देंगे। पहले से ही स्टाफ की कमी है। भर्ती होने तक दोनों जगह समस्या होगी।
50 पंचायतों के छात्रों को मिलेगा लाभ
जटगा में कॉलेज खुलने का लाभ जटगा समेत आसपास की 50 पंचायतों में के छात्रों को मिलेगा। पोड़ी-उपरोड़ा ब्लाक में कॉलेज नहीं होने से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को पेंड्रा या कटघोरा में पढ़ाई करने लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इसके कारण क्षेत्र के कमजोर वर्ग के अभिभावक चाहकर भी अपनी बच्चियों को हायर सेकेंडरी के बाद पढ़ाई नहीं करा पाते थे।
छह के बजाय 4 दिन ही लग सकेगी क्लास
काले का समय सुबह 7.30 से 10.30 बजे तक निर्धारित है। इससे सप्ताह के 6 के बजाय 4 दिन ही क्लास लगेंगी। बीए, बीकॉम व बीएससी प्रथम वर्ष में पढ़ाने वाले प्रोफेसर सेम डे दोनों जगह क्लास नहीं ले सकेंगे। जटगा में 4 दिन तो कटघोरा में 2 दिन पढ़ाई नहीं हो पाएगी। कटघोरा में स्नातक के साथ स्नातकोत्तर की कक्षाएं भी वे ही लेते हैं।