वाट्सएप से प्रोफाइल फोटो लेकर रेलवे पुलिस को भेजा, पकड़ाया गिरोह
शहर समेत उपनगरीय क्षेत्र के साप्ताहिक बाजारों में लोगों की जेब से मोबाइल पार करने वाले झारखंड के प्रोफेशनल गिरोह को पुलिस ने पकड़ लिया। जिसमें साहेबगंज निवासी शेख लाडला (20), शेख शोभान (18), गुड्डू अंसारी (18) व नेपाली (25) समेत एक 9 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। जो चांपा में किराए का मकान लेकर ठहरे थे। वहां से साप्ताहिक बाजारों में पहुंचते थे। भीड़भाड़ में लोगों की मोबाइल पार करके वापस लौट जाते थे। बुधवार को बुधवारी बाजार में फिर से गिरोह पहुंचा था। सब्जी लेने पहुंचे सीतामणी निवासी सोनू जोशी (25) से उक्त गिरोह दो मोबाइल व 6000 रुपए लूटकर भागा। सोनू जोशी ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बाजार में घेराबंदी कर खोजबीन की तो गिरोह में शामिल 9 वर्षीय बच्चा पकड़ाया। जो वारदात कर भागते समय छूट गया था। उससे पूछताछ की गई तो गिरोह की जानकारी मिल गई। यह भी पता चला कि वे शहर के ही एक टैक्सी (एम्बेस्डर कार) को बुकिंग करके बाजार तक आते और लौटते थे। पुलिस चांपा स्थित किराए के मकान में पहुंची तो वहां से गिरोह के चारों सदस्य भाग चुके थे। इसके बाद पुलिस ने पुराना बस स्टैंड में टैक्सी चालक नरेश से गिरोह के सदस्यों का मोबाइल नंबर लिया। साइबर सेल से लोकेशन ट्रेस करने पर एक मोबाइल रायगढ़ क्षेत्र अापरेट होता मिला। पुलिस ने ट्रेन रूट से उसके भागने की संभावना से उक्त मोबाइल नंबर के वाट्सअप प्रोफाइल पिक्चर को निकाला। नाबालिग ने उसे गिरोह का सदस्य बताया। फिर पुलिस ने बिलासपुर से लेकर उड़ीसा व झारखंड तक प्रमुख रेलवे स्टेशन में मौजूद जीआरपी के थाना-चौकी को वाट्सअप से संदेही की फोटो भेजी। फोटो के आधार पर उड़ीसा के झारसुगड़ा स्टेशन में रेलवे पुलिस ने संदेही समेत 3 लोगों को पकड़ा। वहीं गिरोह का सरगना नेपाली मोबाइल से भरा बैग लेकर भाग निकला। कोरबा पुलिस ने झारसुगड़ा पहुंचकर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। उनसे 16 मोबाइल व 7000 रुपए बरामद हुए।
कलकत्ता में खपाते थे चोरी के मोबाइल
गिरोह 1 माह पहले चांपा पहुंचा था। जहां सिंधी कालोनी में मोहनलाल धनेचा के मकान में कपड़ा व्यापारी बनकर ठहरे थे। दिनभर वे कपड़े का आर्डर बुकिंग लेने के नाम से निकलते थे। वे लोग चोरी के मोबाइल कलकत्ता में खपाते थे। इसके लिए मोबाइल का गोपनीय कोड हटा दिया जाता था।
फरार सरगना की हो रही है तलाश: झारखंड का यह प्रोफेशनल गिरोह 1 माह से चांपा में था। इस दौरान चांपा,रायगढ़ के अलावा कोरबा के साप्ताहिक बाजारों में मोबाइल चोरी की। गिरोह ने उड़ीसा के कई जिलों में भी वारदात करना बताया है। दूसरी ओर फरार सरगना नेपाली की तलाश की जा रही है। िगरोह मोबाइल में बाजार का लोकेशन व दिन रखता था।
टैक्सी वाले को दोगुना किराया थमाते थे
पुराना बस स्टैंड से चांपा स्टेशन तक टैक्सी चलाने वाले नरेश का मोबाइल नंबर गिरोह ने ले लिया था। बाजार में कपड़ा आर्डर लेने के बहाने टैक्सी बुकिंग करके वे शहर के साप्ताहिक बाजार पहुंचते थे। वापस टैक्सी स्टैंड पहुंचकर वे चांपा के लिए रवाना होते थे। इसके एवज में दाेगुना किराया देते थे।
बच्चे की आड़ लेकर करते थे वारदात
गिरोह के साथ 9 वर्षीय बच्चा रहता था। जिसकी आड़ में लोगों की जेब से मोबाइल पार करते थे। बच्चा साथ होने की वजह से लोगों को उन पर शक भी नहीं होता था। बुधवार को लोगों के अलर्ट रहने के कारण वे मोबाइल नहीं चुरा पाए तो निराश होकर सोनू जोशी की मोबाइल व रकम की लूट की।